Skip to main content

बीकानेर में फिर धुंध : शहर से गांव तक कोहरे में डूबे, तापमान 7.2°

आरएनई, बीकानेर।

बीकानेर में नए साल की शुरुआत में लगातार 11 दिन छाने के बाद कोहरा छंटा ही था कि बुधवार सुबह घना होकर लौट आया। शहर से लेकर गांव तक कोहरे में ढंके हैं। लगभग 10 मीटर दूर देखना भी मुश्किल हो गया है।

हालांकि मंगलवार को दिन में चटक धूप थी और तापमान भी 26° तक पहुंच गया था लेकिन बुधवार तड़के का तापमान गिरकर 7.2° तक नीचे आ गया। ऐसे में एक बार फिर दिन में ही अलाव सुलग गए।

तीन दिन साफ आकाश के बाद बीकानेर में कोहरे ने बुधवार का स्वागत किया। इस कोहरे ने वाहनों की रफ्तार पर लगाम लगा दी तो मॉर्निंग वॉक करने वालों की संख्या भी घटा दी। मगर ठंड नहीं थी न सर्द हवा चल रही थी।

मंगलवार को अधिकतम व न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई जिसके कारण ठंड का असर बहुत कम रहा। शीत लहर भी नहीं थी और दिन में करारी धूप निकली।

कल दिन में अधिकतम तापमान 26 डिग्री पर पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान ने भी छलांग लगा खुद को 8 डिग्री तक पहुंचा दिया। ह्यूमेडिटी भी केवल 79 प्रतिशत थी। हवा की रफ्तार भी मंद थी। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिन बीकानेर में तापमान के तेवर कमोबेश ऐसे ही रहने हैं।