Skip to main content

कैदियों ने किया पथराव, पुलिस ने छोडे आसू गैस के गोले

आरएनई, नेशनल ब्यूरो।

कैदियों और पुलिस के बीच हुई झड़प में दर्जन भर कैदियों के ज़ख्मी होने की ख़बर है। इस घटना में 5 पुलिसकर्मी भी घायल बताए जा रहे हैं। मामला पंजाब की गुरदासपुर सेंट्रल जेल का हैं। जानकारी के अुनसार, पंजाब के गुरदासपुर जिले में केंद्रीय जेल के कैदियों ने जेल कर्मचारियों के दुर्व्यवहार से परेशान होकर उनपर पथराव किया और तोड़फोड़ की।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े। अधिकारियों ने बताया कि धारीवाल पुलिस थाने के प्रभारी मनदीप सिंह सलगोत्रा सहित 5 पुलिसकर्मी तथा कुछ कैदी इस घटना में घायल हो गए हैं। इससे पहले कहा गया था कि जेल में कैदियों के दो गुटों के बीच झड़प हो गई है।

मजिस्‍ट्रेट जांच के आदेश

गुरदासपुर सेंट्रल जेल में कैदियों और पुलिस के बीच टकराव के बाद जेल में हालात काफी संवेदनशील हो गया है। कैदियों ने जेल कर्मचारियों और अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कैदियों का कहना है कि उनके साथ न केवल दुर्व्‍यवहार किया जाता है, बल्कि अनावश्‍यक तरीके से कड़े प्रतिबंध भी लगा दिए गए हैं। कथित तौर पर कैदी जेल के कर्मचारियों के दुर्व्यवहार, उचित चिकित्सा उपचार नहीं मिलने और कड़े प्रतिबंधों से परेशान थे। अब गुरदासपुर के उपायुक्त हिमांशु अग्रवाल ने उप संभागीय मजिस्ट्रेट को घटना की जांच करने का निर्देश दिया है।