Skip to main content

सुखजिंदर सिंह रंधावा बोले, खाते बंद कर, हैलिकॉप्टर रोक कर दबा नहीं सकते, पैदल चलकर जनता के बीच पहुंचेंगे

आरएनई, बीकानेर।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का आरोप है कि बीकानेर में जनसभा तक पहुंचने से रोकने के लिए उनके हैलिकॉप्टर को चूरू से उड़ाने भरने की परमिशन नहीं दी। उन्होंने केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम को चुनौती दी, अगर इसके लिए आप दोषी नहीं हो तो अपनी तरफ से जांच करवाओ कि आखिर क्या वजह थी जो हैलिकॉप्टर को परमिशन नहीं दी।

बीकानेर से कांग्रेस प्रत्याशी गोविंदराम मेघवाल की जनसभा को संबोधित करने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेशाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा और प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा हैलिकॉप्टर से बीकानेर आने वाले थे। चूरू से बीकानेर के लिये परमिशन नहीं मिली तो वे कार में बीकानेर आए। इस कारण बीकानेर में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की मीटिंग कई घंटों तक चलती रही।

पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि देश में संविधान और लोकतंत्र खतरे में हैं। चुनी हुई सरकारों को गिराने का खेल चल रहा है। ऐसे में अब लोकतंत्र को बचाने के लिए लोगों को आगे आना होगा। यह गोविंदराम मेघवाल का चुनाव नहीं है देश का लोकतंत्र बचाने का चुनाव है। कांग्रेस के खाते फ्रीज करने का मुद्दा उठाते हुए गहलोत ने कहा, किसी के घर या छोटी दुकान का खाता बंद हो जाए तो काम चलाना मुश्किल हो जाता है। आज चुनाव से ठीक पहले पार्टी का बैंक अकाउंट बंद कर रहे हो। दो-दो मुख्यमंत्रियों को जेल में डाल दिया। ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स से डराकर, दबाकर चुनाव जीतना चाहते हो।

अबकी बार-400 पार के नारे को थोथा जुमला बताते हुए कहा, वे जानते हैं कि हालात खराब है। लोगों में भ्रम फैलाकर वोट हासिल करना चाहते हैं। गहलोत ने दावा किया, इस बार राजस्थान में पूरी 25 सीटें जीतने का सपना पूरा नहीं होगा। चूरू, श्रीगंगानगर, सीकर, झुंझुनू आदि सीटें गिनवाते हुए कहा ये सीटें कांग्रेस और इंडिया गठबंधन जीत रहा है। उन्होंने बीकानेर में भी अर्जुनराम को हराने की अपील की।

रंधावा ने कहा, लॉ मिनिस्टर बाबा साहब के संविधान को नहीं मानते:
राजस्थान के प्रभारी सुखजिंदरसिंह रंधावा ने आरोप लगाया कि लॉ मिनिस्टर यानी भाजपा प्रत्याशी अर्जुनराम मेघवाल बाबा साहब की ओर से बनाये गए संविधान को नहीं मानते। ये इडी, सीबीआई, इनकम टैक्स से डराकर लोगों को दबाना चाहते हैं। अपने हक के लिए प्रदर्शन कर रहे किसानों को देशद्रोही, आतंकवादी तक कह रहे हैं। लाल बहादुर शास्त्री ने जय जवान-जय किसान नारा दिया। ये अग्निवीर के जरिये जवानों की जवानी छीन रहे हैं। किसानों को बर्बाद करने पर तुले हैं। इलेक्टोरल बॉण्ड के जरिये करप्शन का रास्ता निकाला है।

गोविंदराम मेघवाल के बोल: अर्जुनराम का बैंड बजा देंगे
कांग्रेस प्रत्याशी गोविंदराम मेघवाल ने दावा किया कि आठों विधानसभा क्षेत्रों में मीटिंगें की है। हर जगह लोगों ने तय कर लिया है कि इस बार अर्जुनराम की बैंड बजा देंगे। तीन लाख से अधिक वोटों से हरायेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने कलेक्टर की कोठी के आगे सड़क पर आमसभा की है। कानून मंत्री होते हुए कानून तोड़ा है।

इन्होंने भी किया संबोधित:
गोविंदराम मेघवाल के पक्ष में हुई आमसभा को नोखा की विधायक सुशीला रामेश्वर डूडी, देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग, शहर कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल गहलोत, पूर्व मंत्री डा.बी.डी.कल्ला, भंवरसिंह भाटी, सालेह मोहम्मद, शिमला नायक आदि ने संबोधित किया।