Skip to main content

तीन बार के सांसद, सबसे ज्यादा वोटों से जीते सुभाष बहेड़िया का टिकट कटा

  • भाजपा ने सी.पी. जोशी के सामने दामोदर अग्रवाल को उतारा

आरएनई, नेटवर्क।

भारतीय जनता पार्टी ने भीलवाड़ा सीट पर अपना कैंडिडेट घोषित कर दिया है। तीन बार के सांसद और पिछला चुनाव 6.13 लाख वोटों से जीते सुभाष बहेड़िया क टिकट काट भाजपा ने दामोदर अग्रवाल को मैदान में उतारा है। ऐसे में यहां अब कांग्रेस के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सी.पी.जोशी और भाजपा के दामोदर अग्रवाल के बीच मुकाबला होगा।

भीलवाड़ा में भाजपा को पहली बार बहेड़िया ने जीत दिलाई :

भाजपा को भीलवाड़ा सीट पर पहली 1996 में सुभाष बहेड़िया के रूप मंे जीत मिली थी। इसके बाद दो बार वी.पी. सिंह भाजपा के सांसद रहे। वर्ष 2014 और 2019 के चुनाव में लगातार सुभाष बहेड़िया ने जीत दर्ज की। इनमें से पिछले यानी 2019 के चुनाव में 6.11 लाख से अधिक वोटों से जीत दर्ज की।

संगठनकर्ता हैं दामोदर अग्रवाल :

दामोदर अग्रवाल मूल रूप से भीलवाड़ा में जहाजपुर के रहने वाले हैं। वे पार्टी के जिलाध्यक्ष रहे। फिलहाल पार्टी के प्रदेश महामंत्री है। वे आरएसएस के प्रचारक रहे हैं। भाजपा ने उनकी संगठनात्मक सेवाओं और भीलवाड़ा में जीत की मुफीद स्थितियां देखते हुए मैदान में उतारा है।

सी.पी.जोशी रह चुके सांसद :

कांग्रेस के सी.पी.जोशी भीलवाड़ा से 2009 में सांसद रह चुके हैं। उन्होंने लगातार दो बार जीते भाजपा के वी.पी.सिंह का विजयी रथ रोकते हुए 1.35 लाख वोटों से हराया था। सी.पी.जोशी पांच बार विधायक एवं राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष रह चुके हैं।

भीलवाड़ा में ये हैं जमीनी हालात :

हाल ही हुए विधानसभा चुनाव में भीलवाड़ा लोकसभा क्षेत्र की आठ में से छह सीट पर भाजपा ने जीत दर्ज की। इनमें आसींद, मांडल, सहाड़ा, शाहपुरा, जहाजपुर और मांडलगढ़ सीट शामिल है। भीलवाड़ा शहर की सीट निर्दलीय अशोक कुमार कोठारी ने जीती। कांग्रेस के खाते मे इस लोकसभा क्षेत्र में महज एक विधायक हैं और वे हैं बूंदी जिले की हिंडोली सीट से अशोक चांदना। ऐसे में जोशी के लिये इस बार स्थितियां आसान नहीं है।