Skip to main content

Nokha: घर घर भगवा छाएगा के उद्घोष से गूंजा नगर

आरएनई,नोखा। 

नोखा में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल द्वारा योजित श्री रामनवमी महोत्सव आयोजन समिति के तत्वावधान में लाहोटी चौक से प्रारंभ हुई विशाल हिन्दू चेतना पदयात्रा से नगर में माहौल राममय हो गया। यात्रा को संत श्री रामाचार्य महाराज, विहिप के प्रांत मंत्री परमेश्वर जोशी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर संघचालक शिवनारायण झंवर एवं शिव कुमार डेलू ने भगवा पताका दिखा कर शुभारंभ किया।

जब यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरी तो लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। यात्रा में अलग अलग बस्तियों से लोग ढ़ोल- नगाड़ों के साथ पहुँचे। आदर्श विद्या मंदिर, स्वामी विवेकानंद स्कूल, अखिल विश्व गायत्री परिवार ने सजीव व सचल झांकियाँ सजाई।विहिप के इस आयोजन में धर्म जागरण सभा में संत श्री रामाचार्य महाराज ने राम के आचरण को जीवन में उतारने की आवश्यकता बताई।

मुख्य वक्ता के रूप में बोलते हुए विहिप के प्रांत मंत्री परमेश्वर जोशी ने बताया कि राम मंदिर के निर्माण में सैंकड़ों वर्षों की तपस्या और संघर्ष काम आया है। हिन्दू समाज को जागृत करने के लिए विहिप कार्य करता रहेगा। शिवनारायण झंवर ने कहा कि जब तक रामराज्य की स्थापना नहीं होगी, भारत परम वैभव पर नहीं पहुँचेगा तब तक अथक परिश्रम करते ही रहना है। यात्रा में बड़ी संख्या में माताओं बहनों के भी हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में अतिथियों को शॉल व श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। यात्रा में सतीश झंवर, रामरतन पंचारिया, पंकज जोशी, रेवंत छींपा, चंपालाल सारण, राम सारस्वत, तुलसीराम उपाध्याय, महेश पारीक, प्रेम प्रजापत, गजेश सारस्वत, राजेश सारस्वत, लिखमाराम मेघवाल, ललित सैन, सुरेश कुमार, धीरज पंवार सहित अनेक कार्यकर्ताओं  ने व्यवस्थाएं सम्भाली।