Skip to main content

मेगा ड्रामा-साउंड शो: जूनागढ़ से सूरसागर प्वाइंट तक स्टेज, चारों तरफ दर्शक, बीच में महिला पुलिस म्यूजिकल ड्रामा-डांस

आरएनई, बीकानेर।

सोशल मीडिया बीकानेर पुलिस का एक वीडियो खूब शेयर और पसंद किया जा रहा है। पुलिस का वीडियो शेयर और पसंद किया जाना! लिखने-पढ़ने में भले ही हैरानी पैदा करता हो लेकिन यह सच्चाई है कि बीकानेर पुलिस ने एक ऐसा नवाचार किया है कि लोगों को वीडियो देखने के बाद भी भरोसा नहीं हो रहा है।

दरअसल यह लगभग साढ़े नौ मिनट का वीडियो यूं तो वोटिंग का मैसेज देता है लेकिन इसमें संदेश देने का अंदाज काफी रोचक है। इसमें ‘आयो रे शुभ दिन आयो रे…’ पर डांस करती राजस्थानी नृत्यांगनाएं हैं। पीहर जाती महिला से बतलावण करती पड़ौसन है। घूमर है। इन सबके साथ नाटक भी है। लोगों से संवाद करता खुद मत है।

एसपी तेजस्विनी देती है हैरान करने वाली जानकारी:
नृत्य, नाटक और संवाद दर्शकों को बांध लेता है। इसके बीच अचानक माइक थामे एसपी तेजस्विनी गौतम प्रकट होती है। बताती हैं, अभी आज जो डांस देख रहे थे। नाटक देख रहे थे। ये सभी कलाकार और कोई नहीं, हमारी महिला पुलिसकर्मी और पुलिसकर्मियों की लड़कियां हैं। सुनने वाले हैरानी से देखने लगते हैं और तालियों का शोर शुरू हो जाता है।

इस शोर के बीच एसपी तेजस्विनी गौतम, कलेक्टर नम्रता व्रष्णि, आईजी ओमप्रकाश और संभागीय आयुक्त वंदना सिंघवी मतदान का संदेश देते हैं।
हालांकि यह पूरा कार्यक्रम लाइव हुआ था लेकिन इसके साथ ही बीकानेर पुलिस ने अधिकाधिक लोगों तक संदेश पहुंचाने के लिहाज से पूरे शो का एडिटेड प्रभावी वीडियो बनाकर जारी किया है।