Skip to main content

हे मतदाता ! आज आपका उत्सव है, भागीदारी करें, लोकतंत्र, देश व आपके लिए ये जरूरी है

RNE, BIKANER .

हे मतदाता। आज लोकसभा चुनाव 2024 के पहले चरण के चुनाव है। भारत के संविधान ने आपको मत का अधिकार दिया है, उसका आपको उपयोग करना है। इस अधिकार का उपयोग करने का अवसर हर मतदाता को 5 साल में सिर्फ एक बार मिलता है। उसी से आप अंदाजा लगा सकते हैं कि ये अधिकार कितना मूल्यवान है। इस अधिकार का उपयोग करके ही हम अच्छे और सच्चे नागरिक कहलाने का हक रख सकते हैं।


आज देश के 121 लोकसभा क्षेत्र के मतदाताओं को देश की सरकार चुननी है। देश की सबसे बड़ी पंचायत के लिए अपना प्रतिनिधि चुनना है। इस कारण मत न देने की गलती न करें। हरहाल में मत दें। यदि आपने मत नहीं दिया और आपका पसंदीदा उम्मीदवार हार गया तो आप अपने को जीवन भर मलाल से बाहर नहीं निकाल पायेंगे। देश में एक वोट से हारने वालों के भी उदाहरण है। इसलिए मतदान अवश्य करें।


हे मतदाता! आपने कभी मतदान शब्द की व्याख्या की है क्या। नहीं की है तो करें। ये कास्टिंग, पोलिंग नहीं है, मतदान है। भारतीय परंपरा में दान का बड़ा महत्त्व है। दान के लिए हर व्यक्ति को हमारे संस्कार प्रेरित करते हैं। इसमें भी मत के साथ दान जुड़ा है। दान वो जिससे पुनीत कार्य होता है। दान वो जो कल्याण करता है। दान वो जो पुण्य देता है। मत का दान भी यही है। इस दान को करना पुनीत कर्म है। इस दान के जरिये हम उस सरकार को चुनते हैं जो सबका कल्याण करती है। जिसके कारण ही मतदान से हमें पुण्य मिलता है। लोकतंत्र जिसमें लोक यानी देवता निवास करते हैं, उसमें दान केवल मत से संभव है। इसलिए मतदान से न चुकें।


हे मतदाता ! आपने सभी राजनीतिक दलों की बातें सुन ली, सभी उम्मीदवारों के वादे भी सुन लिये। कल उन पर विचार भी कर लिया। अब आज जब मतदान के लिए ईवीएम के सामने खड़े हों तो अपने सोचे हुए के आधार पर, अपने विवेक से बटन दबायें। छोटे छोटे सोच को तरजीह न दें, स्वार्थ को दरकिनार करें। सर्वहित, राष्ट्रहित, लोकहित व लोकतंत्र के लिए मतदान करें। आप जिसे चाहें करें, मतदान अवश्य करें।


मत न देना लोकतंत्र के साथ, जनता के साथ, सर्वहित के साथ अन्याय होगा। अन्याय से बचने के लिए इस अधिकार का उपयोग करना ही करना है। सरकार, कर्मचारी आपको प्रोत्साहित करने के लाख जतन भी करते हैं। उन सब की भावनाओ को समझे। सरकार इस अधिकार के उपयोग के लिए सवैतनिक अवकाश भी देती है। इसलिए आज के दिन की शुरुआत इसी पुनीत काम से करें। पहले मतदान, उसके बाद हर काम। पुनीत काम से दिन की शुरुआत की तो पूरा दिन अच्छा निकलेगा। हे मतदाता ! मतदान अवश्य करें। आपका एक मत देश की तकदीर लिखेगा। हर भारतवासी का भाग्य तय करेगा। इसमें चूक न करें।
– मधु आचार्य ‘ आशावादी ‘