Skip to main content

पथराव की घटना के बाद पुलिस व प्रशासन में मचा हड़कंप

आरएनई,स्टेट ब्यूरो।

सूबे में कानून व्यवस्था को दरकिनार कर रहे बदमाश पुलिस के खौफ पर सवालिया निशान लगा रहे हैं। झालावाड़ जिले के सदर थाना क्षेत्र के गांव बोरदा में दलित दूल्हे की निकासी के दौरान पुलिस की मौजूदगी में कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। पथराव में डीजे गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई।

हालांकि इसमें किसी के चोटें नहीं आई। पथराव की घटना के बाद ही पुलिस व प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने पथराव मामले में तीन जनों को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद मंगलवार को पुलिस जाप्ते व प्रशासन के बीच निकासी निकाली गई।

जानकारी के अनुसार गांव बोरदा निवानी दूल्हा राम लखन मेघवाल ने निकासी में अनहोनी की आशंका के चलते पुलिस को परिवाद दिया था। इस पर सदर थाना पुलिस की मौजूदगी में सोमवार रात 8 बजे निकासी शुरू हुई।

निकासी गुर्जर मोहल्ले से निकल रही थी, इसी दौरान तीन-चार लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। इसके बाद निकासी को रोकना पड़ा। मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति पर नियंत्रण कर उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। पुलिस ने गांव नानौर निवासी बलवंत गुर्जर, बोरदा निवासी गोवर्धन गुर्जर, लक्ष्मी नारायण गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया।