Skip to main content

Bikaner एक दिन-मौसम तीन : 45.5° सबसे गर्म, शाम को आंधी, रात को बौछार

RNE Bikaner.

प्रचंड गर्मी से जूझते बीकानेर में शुक्रवार को तापमान 45.5 डिग्री तक पहुंच गया। यह शुक्रवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान रहा। बीकानेर में इस वर्ष अब तक के सबसे अधिक तापमान वाले दिन के साथ ही बड़ी बात यह रही कि यह अक्षय तृतीया का दिन था। इस दिन शहर में पतंगोत्सव चलता है। मतलब यह कि सबसे ज्यादा गर्मी वाले दिन सैकड़ों लोग धूप में छतों पर खड़े पतंग उड़ाते रहे।

धूप की यह तल्खी सिर्फ बीकानेर शहर ही नहीं बल्कि पूरे संभाग और कमोबेश पश्चिमी राजस्थान मंे दिखी। मसलन, फलौदी में भी लगभग बीकानेर जितना ही 45.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसी तरह श्रीगंगानगर और चूरू मंे भी 44.9 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।

इधर बीकानेर में लू से जूझते पतंगबाजों पर शायद प्रकृति को तरस आ गया और शाम होते-होते धूलभरी आंधी के साथ कुछ बूंदें गिरी और तापमान कम हो गया। नतीजा, एक साथ सैकड़ों पतंगें बीकानेर के आकाश मंे लहराने लगी। बोई काट्या का शोर मच गया।

खास-आम सभी छतों पर परिवार सहित आ डटे लेकिन यह मौसम कुछ ही देर रहा और आंधी तेज हो गई। अब पतंगों की डोर थामकर रख पाना काफी मुश्किल था। आखिरकार टूटती-फटती पतंगों के बीच पटाखे चले। पूनरासर के जयकारे लगे।

थालियां बजी और लोग छतों से उतरे। देर शाम आंधी आई और कुछ देर बाद थम गई। रात लगभग साढ़े नौ बजते-बजते एक बार फिर मौसम ने करवट ली। तेज बौछारों ने दिनभर की गर्मी को तो धोया लेकिन उमस कर दी। घाव में गोभ हो गया बिजली की आवाजाही से।

राजस्थान के सर्वाधिक गर्म शहर : 

बीकानेर : 45.5°
फलोदी  : 45.2°
श्रीगंगानागर : 44.9°
चूरू  : 44.9°
कोटा : 44.2°
जैसलमेर  : 43.8°
जयपुर  : 43.0°
जोधपुर : 42.2°