Skip to main content

मौसम : गर्मी से शुरू हुआ रविवार, लू का आज के लिए भी अलर्ट, मानसून आ सकता है जल्दी

RNE, BIKANER .

बीकानेर में रविवार के दिन की शुरुआत भी गर्मी से हुई। सुबह हवा न होने से उमस ज्यादा थी। मॉर्निंग वॉक करने वाले भी पसीने से थक रहे थे और वॉक से घर की तरफ जल्दी लौट रहे थे। मौसम विभाग ने आज भी बीकानेर सहित राज्य के कई जिलों में लू के लिए अलर्ट जारी किया है।

विभाग का मानना है कि पारा 47 डिग्री के आसपास जा सकता है। कल भी दिन में पारा कुछ घंटों के लिए 46 को पार कर गया था और सड़कों पर सन्नाटा पसर गया था। रात के तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है जो ज्यादा परेशानियां खड़ी कर रही है।


मगर मौसम की एक राहत भरी खबर भी है। इस वर्ष अरब सागर अथवा बंगाल की खाड़ी में कोई चक्रवाती परिसंचार विकसित नहीं हुआ, लेकिन मौसम संबंधी कुछ मॉडल संकेत दे रहे हैं। हिन्द महासागर में एक कम दबाव का क्षेत्र विकसित हो रहा है, जो 26 मई तक गहरे दबाव में विकसित होकर केरल के ऊपर केंद्रित हो सकता है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस वर्ष मानसून सही रफ्तार से आगे बढ़ रहा है, जो 31 मई को केरल तट पर पहुंचेगा। लेकिन हिन्द महासागर में विकसित हुआ तंत्र प्रभावी हुआ तो मानसून 28 मई या उससे पहले भी भारत मे केरल के रास्ते से आ सकता है।


कल बीकानेर में लू के थपेड़ों व तेज गर्मी ने खूब परेशान किया। बीकानेर में अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री रहा तो न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री तक जा पहुंचा। मौसम विभाग के अनुसार आज बीकानेर में मौसम शुष्क रहेगा। तेज धूप निकलेगी और लू का जोर रहेगा।