Skip to main content

आरएसएस के इंद्रेश ने बताया राम का न्याय : अहंकारियों को 241 पर रोका, राम विरोधी मिलकर भी 234

  • अयोध्या में लल्लूसिंह ने जनता पर जुल्म किये, रामजी ने पांच साल विश्राम दिया

RNE, NETWORK .

प्रभु राम का न्याय विचित्र नहीं है, सत्य है, आनंददायक है। जिस पार्टी ने भक्ति की उसे सबसे बड़ी तो बना दिया लेकिन अहंकार आ गया इसलिये 241 पर रोक दिया। जिनके मन में राम के प्रति श्रद्धा नहीं थी उन सबको मिलाकर 234 पर ही रोक दिया। कहा, अनास्था का यही दंड है। अयोध्या में लल्लूसिंह ने जनता पर जुल्म किये तो उन्हें पांच साल का विश्राम दे दिया।

लोकसभा चुनाव के नतीजों पर यह टिप्पणी उस इंद्रेश कुमार की है जो आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक रहे हैं और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य हैं। जयपुर के पास कानोता में एक कार्यक्रम के दौरान इंद्रेश कुमार ने नतीजों को राम का न्याय बताया।

हैरानी की बात यह है कि चुनाव नतीजों के बाद आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने भी अहंकार छोड़ने की नसीहत दी थी और अब इंद्रेश कुमार ने भी 241 सीटों को अहंकार का नतीजा बताया।

जानिये कौन है, क्या बोले इंद्रेश कुमार :

इंद्रेश कुमार RSS की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य हैं। गुरुवार को जयपुर के पास कानोता में रामरथ अयोध्या यात्रा दर्शन पूजन समारोह में बोल रहे थे। इंद्रेश ने कहा- राम सबके साथ न्याय करते हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव को ही देख लीजिए।

जिन्होंने राम की भक्ति की, लेकिन उनमें धीरे-धीरे अहंकार आ गया। उस पार्टी को सबसे बड़ी पार्टी घोषित कर दिया। उनको जो पूर्ण हक मिलना चाहिए, जो शक्ति मिलनी चाहिए, वो भगवान ने अहंकार के कारण रोक दी। जिन्होंने राम का विरोध किया, उन्हें बिल्कुल भी शक्ति नहीं दी, उनमें से किसी को भी शक्ति नहीं दी। सब मिलकर भी नंबर-1 नहीं बने, नंबर-2 पर खड़े रह गए। इसलिए प्रभु का न्याय विचित्र नहीं है, सत्य है, बड़ा आनंददायक है।

अहंकार का अंकगणित :

इसलिए जिस पार्टी ने भक्ति की,अहंकार आया, उस पार्टी को 241 पर रोक दिया, पर सबसे बड़ी बना दिया। जिनकी राम के प्रति आस्था नहीं थी, अश्रद्धा थी। उन सबको मिलकर 234 पर रोक दिया। कहा-तुम्हारी अनास्था की यहीं दंड तुमको है कि तुम सफल नहीं हो सकते।

अयोध्या में हार पर ये कहा :

अयोध्या से भाजपा प्रत्याशी लल्लू सिंह की हार पर भी इंद्रेश कुमार ने कहा कि जो राम की भक्ति करे, फिर अहंकार करे, जो राम का विरोध करे, उसका अकल्याण अपने आप हो गया। लल्लू सिंह ने जनता पर जुल्म किए थे तो रामजी ने कहा कि 5 साल आराम करो, अगली बार देख लेंगे।