Skip to main content

बीकानेर: एससी-एसटी संघर्ष समिति ने शिक्षामंत्री मदन दिलावर का पुतला फूंका

  • आरोप: दलित शिक्षक के साथ नाइंसाफी करते हुए एपीओ किया, पांच महीने से तनख्वाह नहीं दे रहे

आरएनई, बीकानेर।

एक मामले को लेकर दलित समाज इतना आक्रोशित हुआ है कि राजस्थान के शिक्षामंत्री मदन दिलावर के खिलाफ न केवल सड़क पर उतर आया वरन कलेक्ट्रेट पहुुंचकर पुतला फूंका और मुर्दाबाद के नारे लगाये। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि इंसाफ नहीं किया तो दिलावर का जगह-जगह घेराव करेंगे।


प्रदर्शन बीकानेर में हुआ:

शिक्षा मंत्री दिलावर के खिलाफ प्रदर्शन शुक्रवार को बीकानेर कलेक्ट्रेट में हुआ। अनुसूचित जाति, जनजाति संघर्ष समिति के बैनर तले जुटे प्रदर्शनकारियों ने दिलावर का पुतला फूंका, मुर्दाबाद के नारे लगाये। अचानक हुए प्रदर्शन से पुलिस-प्रशासन भी सकते में आ गया। दौड़कर पुलिसकर्मी बैरिकेड्स के पास पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की।

मामला क्या है:
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम भेजे ज्ञापन में संघर्ष समिति ने बताया है कि बारां जिले में नियुक्त शिक्षक हेमराज मेघवाल को दुर्भावनावश एपीओ कर उसका मुख्यालय बीकानेर कर दिया गया है। इतना ही नहीं शिक्षक को पांच महीनों से वेतन से वंचित कर रखा है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि स्कूल के खेल मैदान पर 35 सालों से कब्जा था जिसे इस शिक्षक ने छुड़ाया। इसीलिये प्रताड़ित किया जा रहा है।