Skip to main content

सुबह सुहानी : 26.5° से दिन शुरु, बीते दिन से 06° कम न्यूनतम तापमान, 24 तक आंधी-बारिश

  • बीते दिन बीकानेर का न्यूनतम तापमान था 32.7°, यह राजस्थान में  सबसे ज्यादा
  • रात के अंधड़ ने सुबह को ठंडा किया, 24 तक आंधी – बारिश का अलर्ट
  • प्री मानसून का कल से दौर शुरू
  • 26 से 28 जून के मध्य मानसून की एंट्री

RNE Bikaner. 

गुरूवार आधी रात के बाद चली तेज आंधी ने जगह-जगह पेड़ और खंभे उखाड़ दिये। बीकानेर जिले में फिर एक बार कई गांव अंधेरे में डूब गये। शहर में भी देर रात बिजली बंद हो गई और अलग-अलग इलाकों मंे इसे चालू करने में एक से तीन घंटे तक का समय लगा। बड़ी तादाद में फाल्ट आ गए। इन्हें सुधारने का काम भी शुरू हुआ। दूसरी ओर जिले के कई गांव एक बार फिर अंधेरे में डूब गये। इसका असर जल वितरण पर भी हुआ है।

बीते दिन सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान था, आज 06 ° गिरा:

इन सबसे इतर लंबे समय बाद बीकानेर में सुबह इतनी सुहानी रही। बीते दिन यानी गुरूवार को न्यूनतम तापमान 32.7 डिग्री था। यह प्रदेश में न्यूनतम तापमान के लिहाज से सबसे ज्यादा था। मतलब साफ था कि गर्मी का अहसास ज्यादा हुआ। इससे इतर आज सुबह न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री दर्ज किया गया। ऐसे में एक साथ छह डिग्री से भी ज्यादा तापमान कम हो गया। यह 20 जून के औसत न्यूनतम तापमान से भी 03 डिग्री कम है।

देर रात चली तेज आंधी ने न केवल उमस को भगाया अपितु गर्मी को भी कम कर दिया। शुक्रवार की सुबह बीकानेर में सुहावनी थी। गर्मी और उमस न होने के कारण मॉर्निंग वॉक करने वालों की संख्या अधिक थी। हल्के बादल होने के कारण काफी देरी से सूर्य बाहर निकला। सुबह इस बात का अहसास करा रही थी कि दिन में आज गर्मी कम रहेगी।

प्री मानसून का असर :

गुरुवार से राज्य में प्री मानसून का असर जारी हो गया। अनेक जिलों में बारिश ने लोगों को राहत दी तो बाकी जगह अंधड़ ने गर्मी कम की। अंधड़ इतना तेज था कि बिजली के खम्भे, पेड़ तक उखड़ गये। बीकानेर के खाजूवाला, छत्तरगढ़ में नुकसान हुआ। शहर में देर रात आंधी के कारण बिजली की समस्या जरूर रही।

26 से 28 के बीच मानसून : 

मौसम केंद्र, जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आने वाले मानसून के सक्रिय होने से अब राज्य में मानसून समय पर आने के संकेत मिले हैं। 26 से 28 के मध्य उदयपुर व कोटा से मानसून की राज्य में एंट्री हो जायेगी।

आज गर्द रहेगी, मौसम शुष्क होगा : 

बीकानेर में आज आसमान पर गर्द छाई रहेगी जिससे गर्मी का अहसास कम रह सकता है। सामान्य तौर पर मौसम शुष्क रहेगा। कल अधिकतम तापमान 42.4 व न्यूनतम तापमान 32.7 डिग्री रहा।