Skip to main content

हैवानियत की हद: बीकानेर में सिर-हाथ कटी महिला की लाश मामले में हैरान करने वाला खुलासा

News in Brief : एसपी तेजस्वनी गौतम ने किया खुलासा : मृतका मूल रूप से नागपुर की, पाली में रहती थी, झुंझनूं के विकास जाट, पीलीबंगा की संगीता ने मिलकर जोधपुर में गंडासे से हाथ और सिर काटे, धड़ बीकानेर में फेंका, सिर-हाथ जोधपुर के नाले में डाले।

RNE Bikaner.

बीकानेर के घड़सीसर इलाके में नग्न हालत में मिली सिरकटी-हाथकटी लाश के मामले में हैरान करने वाला खुलासा हुआ है। बीकानेर पुलिस ने जोधपुर के एक नाले से मृतका का सिर और हाथ एक कट्टे में से बरामद किये हैं। इसके साथ ही एक महिला और पुरूष को इस मामले में गिरफ्तार किया है। बीकानेर एसपी तेजस्विनी गौतम ने इस पूरे मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने शव मिलने के पांच दिन में इस जघन्य हत्याकांड की गुत्थी सुलझाकर बड़ी सफलता हासिल की है।

सबसे पहले जानिये मृतका कौन, मारने वाले कौन!

पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने मामले से जुड़ी प्राथमिक जानकारी मीडिया से शेयर की है। एसपी गौतम के मुताबिक बीकानेर में जोहड़बीड़ के पास घड़सीसर-कोटड़ी रोड के डंपिंग यार्ड में जो सिर-हाथ विहीन महिला का नग्न शव मिला था वह पाली की 34 वर्षीय मुस्कान पत्नी मोहम्मद रफीक का था। मुस्कान पाली के शंकरनगर वार्ड संख्या 09 की निवासी थी। उसका सिर और हाथ शुक्रवार सुबह जोधपुर में पांचबत्ती के पास नाले में एक थैले में मिले। बीकानेर पुलिस ने वहां पहुंचकर शरीर के इन अंगों को बरामद किया है।

हत्या के आरोप में ये दो गिरफ्तार:

मुस्कान की हत्या के आरोप में एक महिला और पुरूष को गिरफ्तार किया गया है। पुरूष झुंझुनूं निवासी विकास माल पुत्र लीलाधर जाट है जो फिलहाल शिकारगढ़, जोधपुर में रहता है। इसके साथ ही बीकानेर संभाग के हनुमानगढ़ में पीलीबंगा निवासी 35 वर्षीय संगीता को गिरफ्तार किया गया है। संगीता के पति गोपालसिंह की मौत हो चुकी है। बताया जाता है कि मृतका सहित तीनों फिलहाल जोधपुर में साथ रहते थे।

पांच दिन कड़ी छानबीन, अलग-अलग टीमें:

सनसनी फैलाने वाला महिला का नग्न शव मिलने के साथ ही बीकानेर पुलिस के लिए हत्या की इस गुत्थी को सुलझाना बड़ी चुनौती बन गया था। एसपी तेजस्वनी गौतम ने इसके लिए अलग-अलग टीमें गठित की। इनमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक शर्मा की अगुवाई मंे एसआई बनाई गई। इस एसआईटी में आईपीएस रमेश, सीओ शालिनी बजाज, श्रवणदास संत, जेएनवीसी थानाधिकारी सुरेन्द्र पचार, कोटगेट थानाधिकारी मनोज शर्मा, बीछवाल थानाधिकारी नरेश निर्वाण, सदर थानाधिकारी सत्यनारायण गोदारा, डीएसटी के कुलदीप चारण, कोतवाली के परमेश्वर सुथार, मुक्ताप्रसाद की रेणुबाला, उपनिरीक्षक नरेन्द्र, दीपक यादव आदि अलग-अलग टीमों में शामिल हुए।

बीते पांच दिन 24 घंटों में जो भी उस रास्ते से गुजरा उसको चैक किया:

पुलिस ने 15 जून को शव मिलने से पहले के पांच दिन तक उस रास्ते से जो भी गुजरा उन सबके बारे में जानकारी हासिल की। इतना ही नहीं पहले से बीकानेर के संदिग्धों पर भी नजर रखी।

एक हैड कांस्टेबल, एक कांस्टेबल ने पहचाना:

पूरी प्रक्रिया में हालांकि सभी बड़े अधिकारी लगे रहे लेकिन गंगाशहर थाने के हैड कांस्टेबल हेतराम और कोतवाली के कांस्टेबल शिवराज ने तकनीकी साक्षों के आधार पर हत्या के आरोपियों केा चिह्नित कर लिया। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर एक महिला-पुरूष को दस्तयाब किया। शव के बाकी हिस्से बरामद किये और अब गिरफ्तार किया है।

अब जानिए क्यों दी ऐसी दर्दनाक मौत : 

मृतका मुस्कान मूलरूप से नागपुर की रहने वाली थी। उसकी हत्या जोधपुर निवासी विकास मान व उसकी लिव इन पार्टनर संगीता ने की थी। इन्हीं दोनों को बीकानेर पुलिस ने गिरफ़्तार किया है।

हत्या की वजह : 

अब तक जो कहानी सामने आई है उसके मुताबिक मुस्कान, विकास, संगीता तीनों के बीच करीबी संबंध थे। मुस्कान नहीं चाहती थी कि संगीता लिव इन में विकास के साथ रहे। इसकी वजह से संगीता के साथ उसका मन-मुटाव भी था। उसके इस व्यवहार से विकास व संगीता दोनों मुस्कान से खफा थे।

जोधपुर में मारा, बीकानेर लाकर गंडासे से काटा : 

विकास और संगीता ने मुस्कान को रास्ते से हटाने के लिया योजना बनाई। घर बदलने के बहाने उसे कार में साथ लेकर गए व दोनों ने मिलकर मार दिया। मुस्कान की हत्या जोधपुर में की गई थी। हत्या के बाद उसे बीकानेर ले आये। जोधपुर बाइपास से होते हुए घड़सीसर लाये, यहां गण्डासे से उसके हाथ व सिर काट दिये। सिर और हाथ अपने साथ ले गये। जबकि शेष हिस्सा यहाँ फेंक दिया। ये दोनों यहाँ से जोधपुर वापस गए और वहाँ पर सिर व हाथ पांचबत्ती नाले के पास फेंक दी।

हाथों पर टैटू बने थे इसलिए काट दिये : 

मुस्कान के दोनों हाथ इसलिए काट दिये गये क्योंकि उन पर टैटू बने हुए थे। हत्यारों ने पूरा हाथ काट दिया क्योंकि इस पूरे हाथ पर टैटू था। दूसरे हाथ में कोहनी के नीचे तक टैटू था इसलिए उसे आधा काटा।

क्यों मारा, इसकी पूछताछ कर रहे हैं:

अभी यह कहानी सामने आनी बाकी है कि आखरी इतनी हैवानियत के साथ एक महिला का कत्ल क्यों किया गया ? इतना ही नहीं अलग-अलग जगहों पर रहने वाले तीन लोगों के बीच ऐसा क्या मामला था कि एक महिला ही दूसरी महिला की हत्या में शामिल हो गई।

इस टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार किया:

साइबर थाना पुलिस निरीक्षक गोविंद व्यास, जेएनवी पुलिस उप निरीक्षक नरेन्द्र, सहायक उप निरीक्षक दिलीपसिंह, हेतराम, मुकेश, शिवराज, कपिल, इमीचंद, धर्मेन्द्र की टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार किया।