Skip to main content

NEET प्रदर्शन : Kota में डोटासरा-जूली के खिलाफ FIR, Bikaner में आक्रोश

  • अशोक गहलोत ने बोले-बौखला गई सरकार

RNE Network, Kota-Jaipur.

NEET पेपर लीक पर राजस्थान में कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद पुलिस एक्शन में है। कोटा आईजी पर विवादित टिप्पणी को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित कई नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसके बाद डोटासरा ने एक बार फिर भजनलाल सरकार और कोटा आईजी पर जमकर हमला बोला है।

डोटासरा ने आईजी पर निशाना साधते हुए “x” पर लिखा है, ‘कायर और भयभीत भाजपा क्या फर्जी मुक़दमों से डराना चाहती है? जनता के मुद्दों के लिए संघर्ष करने पर 1 क्या 100 मुकदमे लेने और जेल जाने की हिम्मत रखते हैं। IG साहब भाजपा का चोला पहनकर खाकी वर्दी के गर्व को मिट्टी में मत मिलाओ, वर्दी रौब झाड़ने के लिए नहीं, जन सेवा के लिए मिली है’।

मामला यह था :
दरअसल मंगलवार को कोटा में नीट पेपर लीक सहित अन्य मुद्दों पर कांग्रेस ने प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान डोटासरा ने ओम बिरला और कोटा आईजी पर जमकर हमले किए। कहा,ओम बिरला चुनाव हार जाते, तो आज मंडी की दुकानों पर बैठे हुए दिखाई देते। कोटा आईजी को चेतावनी देते हुए कहा, “सुधर जाओ वरना भजनलाल और ओम बिरला भी नहीं बचा सकेंगे।” आईजी के खिलाफ टिप्पणी के बाद पुलिस ने प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस के नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया हैं।

प्रदेशभर में विरोध-आक्रोश :
कांग्रेस नेताओं के खिलाफ FIR का प्रदेशभर में विरोध हो रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का कहना है, पीसीसी प्रदेशाध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष पर FIR दर्ज करना सरकार की बौखलाहट है। पेपर लीक को स्वीकार कर लाखों बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों पर कार्रवाई की बजाय उनके लिए न्याय मांगने वालों पर FIR करना उचित नहीं है। कांग्रेस न्याय की लड़ाई लड़ने में ऐसे फर्जी मुकदमों से न डरी है, न डरेगी।

बीकानेर के कांग्रेस नेताओं ने जताई नाराजगी :
बीकानेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष यशपाल गहलोत ने कहा, अपने हक और हकुक की आवाज को बुलंद करना कोई अपराध नहीं है। भाजपा सरकार के 6 महीनो ने राज्य की जनता त्राहिमाम करने लगी है उसके लिए प्रदेश अध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष के साथ वरिष्ठ नेता गांधीवादी तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे। भाजपा का शीर्ष नेतृत्व पूरे हिंदुस्तान में विपक्ष मुख्य रूप से कांग्रेस के नेताओं को बेवजह परेशान करने के उद्देश्य से झूठे मुकदमे और अपराध घोषित करने में लगा है।

यशपाल गहलोत शहर कांग्रेस अध्यक्ष

भाजपा को राजस्थान में तगड़ा झटका देने वाले डोटासरा जी पर ये कार्यवाही करवाई है लेकिन भाजपा भूल जाती है की कांग्रेस इन झूठे मुकदमों से डरती नही है।
बीकानेर शहर कांग्रेस के संगठन महासचिव नितिन वत्सस ने कहा, बिजली-पानी को लेकर आमजन खासा परेशान है लेकिन भाजपाईयों को इससे फर्क नहीं पड़ता। कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व मौलिक अधिकारों की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहा था लेकिन भाजपाईयों को यह बर्दास्त नही हुआ और झूठा मुकदमा ठोक दिया।

नितिन वत्सस

दो एफआईआर:
कोटा में कांग्रेस नेताओं के खिलाफ दो एफआईआर दर्ज की गई हैं। एक में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, विधायक अशोक चांदना, चेतन पटेल व सीएल प्रेमी का नाम शामिल है। दूसरी एफआईआर में कांग्रेस नेता प्रहलाद गुंजल, नईमुद्दीन गुड्डू, मोईजुद्दीन गुड्डू, जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह सहित अन्य के नाम शामिल हैं।