Skip to main content

शिक्षा निदेशक ने प्रतिनियुक्तियों को समाप्त कर कार्मिकों को मूल स्थान पर भेजने का आदेश दिया

  •  शिक्षा मंत्री की जानकारी के बिना हुई प्रतिनियुक्तियां
  •  मूल विभाग में भेजने के आदेश जारी

आरएनई, बीकानेर

शिक्षा विभाग अपने यहां हुई प्रतिनियुक्तियों को लेकर सख्त हो गया है। शिक्षा निदेशक ने एक आदेश जारी करके प्रतिनियुक्तियां समाप्त कर दी है और कार्मिकों को उनके मूल स्थान पर भेजने का निर्देश दिया है।

शिक्षा विभाग में प्रतिनियुक्तियों का खेल लगातार चलता ही रहता है, जिसका असर स्कूलों में शिक्षण कार्य पर पड़ता है। अब विभाग इस मामले में सख्त हो गया है। शिक्षा मंत्री की जानकारी के बिना हुई सभी प्रतिनियुक्तियां निरस्त कर कार्मिकों को उनके मूल स्थान पर भेजने के आदेश जारी किए हैं।

शिक्षा निदेशक आशीष मोदी ने जारी आदेश में कहा है कि बिना सक्षम स्वीकृति के कार्य व्यवस्थार्थ तथा शिक्षण व्यवस्था में लगाए गए शिक्षकों, अधिकारियों व अन्य कार्मिकों की प्रतिनियुक्तियां समाप्त कर दिया गया था। विभाग के ध्यान में आया कि सख्त निर्देशों के बाद भी कतिपय अधिकारी व कार्मिक अभी भी प्रतिनियुक्ति पर चल रहे हैं।

निदेशक ने कहा है कि शिक्षा विभाग के अधिकारी लगता है आदेशों की अवहेलना कर रहे हैं, लेकिन अब यदि किसी अधिकारी ने ऐसा किया तो उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जायेगी।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि शिक्षा शासन सचिव तथा शिक्षा निदेशक आदेश के बिना ही जो कार्मिक डेपुटेशन पर है, उनका भी डेपुटेशन समाप्त किया जाता है। साथ ही संभाग मुख्यालयों पर बिना मंत्री की जानकारी के प्रतिनियुक्ति पर है, उनकी भी प्रतिनियुक्ति समाप्त की जा रही है।