Skip to main content

मौसम : साफ आसमान में कहीं कहीं बादल, हल्की हवा से शुरू हुआ शुक्रवार

  •  संभाग में आज भी बारिश के आसार 
  • मानसून फिर राज्य में सक्रिय

RNE, BIKANER . 

साफ आसमान में कहीं कहीं बादल भी शुक्रवार की सुबह छाये हुए थे। हल्की हल्की हवा भी साथ में चल रही थी। हालांकि गर्मी का भी असर महसूस हो रहा था। रात से कम उमस भी थी। लोग कल की तुलना में मौसम थोड़ा ठीक होने के कारण मॉर्निंग वॉक के लिए भी निकले हुए थे। मौसम विभाग ने आज भी बीकानेर संभाग में बारिश की संभावना जताई है।

मानसून राज्य में सक्रिय

राज्य में मानसून सक्रिय हो गया है जिसके कारण बारिश की गतिविधियां बढ़ेगी। मौसम केंद्र के अनुसार बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। मानसून ट्रफ लाइन भी दक्षिण राजस्थान के कुछ भागों से गुजर रही है। जिससे 4-5 दिन बारिश की गतिविधियां बढ़ेगी।

मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार 20-21 जुलाई को बारिश की गतिविधियां होने के कारण कोटा व उदयपुर संभाग में कहीं कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।

पश्चिमी राजस्थान में भी रहेगा असर

मानसून का असर पश्चिमी राजस्थान में भी रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार इस हिस्से के बीकानेर व जोधपुर संभाग के कुछ भागों में आगामी दिनों में मेघगर्जन और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। पिछले 24 घन्टे में पूर्वी व पश्चिमी राजस्थान में कहीं कहीं हल्की से मध्यम बारिश हुई भी है।

आज कुछ स्थानों पर बारिश

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज बीकानेर संभाग के कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है। कल बीकानेर का अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री रहा तो न्यूनतम तापमान भी 31.4 पर ठहरा।