Skip to main content

भाजपा को मिल सकता है शीघ्र नया कार्यकारी अध्यक्ष, संघ – भाजपा नेताओं की बैठक

 

एड. मनोज आचार्य

RNE, Network.  

भाजपा को शीघ्र ही नया कार्यकारी अध्यक्ष मिल सकता है। इसके लिए विचार मंथन आरम्भ हो गया है। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं व संघ के नेताओं की आज दिल्ली में इस विषय पर मैराथन बैठक हुई है और अंदरखाने कुछ तय किया गया है। चूंकि संगठन चुनाव के कार्यक्रम के अनुसार नवम्बर – दिसम्बर तक नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जाना है, इसलिए तब तक कार्यकारी अध्यक्ष ही बनाया जायेगा।

भाजपा के वर्तमान अध्यक्ष जे पी नड्डा का कार्यकाल समाप्त हो चुका है इसलिए ये कवायद तेज हुई है। एकबारगी नड्डा को ही एक्सटेंशन दिया हुआ है। मगर नड्डा अब राज्यसभा में नेता हो गये और केंद्र में स्वास्थ्य मंत्री बन गये। इस कारण नया कार्यकारी अध्यक्ष बनाने के प्रयास हो रहे हैं।

आने वाले समय में महाराष्ट्र, झारखंड, हरियाणा व जम्मू कश्मीर में विधानसभा के चुनाव है इस कारण नये व्यक्ति को ये जिम्मेवारी दी जा सकती है। महाराष्ट्र, हरियाणा में भाजपा की लोकसभा चुमाव में स्थिति अच्छी नही रही थी। वहीं झारखंड में भी विपक्ष की सरकार है। इस हालत में इन राज्यों के लिए संगठन के स्तर पर कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी और एक पूर्णकालिक अध्यक्ष की जरूरत पड़ेगी। भाजपा के लिए इन तीनों राज्यों के विधानसभा चुनाव बहुत महत्त्वपूर्ण है।

धारा 370 को हटाने के बाद अब केंद्र सरकार जम्मू कश्मीर में विधानसभा का चुनाव करा रही है। चुनाव आयोग संभवतः सितंबर माह में वहां चुनाव करायेगा। भाजपा के धारा 370 हटाने के बाद उसके इस निर्णय पर चुनाव लड़ा जाना है, इस कारण ये राज्य भी भाजपा के लिए महत्ती है। वहां के चुनाव को पार्टी बहुत गम्भीरता से ले रही है।
दूसरी तरफ विपक्ष इस समय एक है और मजबूत भी, इस कारण प्रतिष्ठा का सवाल है ये चुनाव। महाराष्ट्र में महा विकास अघाड़ी और झारखंड में इंडिया गठबंधन की मजबूती का मुकाबला करना है। इस सूरत में नेताओं का मानना है कि पार्टी के लिए एक पूर्णकालिक अध्यक्ष का होना जरूरी है।

भाजपा के नये कार्यकारी अध्यक्ष के लिए आज दिल्ली में एक महत्त्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें भाजपा व संघ के नेता शामिल हुए। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आवास पर हुई इस बैठक में राजनाथ सिंह, अमित शाह व जे पी नड्डा शामिल हुए। संघ की तरफ से दत्तात्रेय होसबले, अरुण कुमार इस बैठक में उपस्थित हुए। अरुण कुमार संघ की तरफ से भाजपा को देखते हैं। इन नेताओं की चार घन्टे से अधिक चली बैठक में कई नामों पर चर्चा हुई।

सूत्रों के अनुसार जिन नामों पर विचार हुआ उनमें एक केंद्रीय मंत्री, एक पूर्व मुख्यमंत्री भी शामिल हैं। इसके अलावा नड्डा को भी कंटिन्यू रखने पर विचार हुआ। अब फैसला किस पर हुआ, ये समय बतायेगा। मगर इतना तय है कि जल्दी ही भाजपा को नया कार्यकारी अध्यक्ष मिलेगा। जो आगे जाकर अध्यक्ष भी बनेगा।