Skip to main content

मौसम : खुला आकाश, मंद हवा और सुहावने मौसम से शुरू हुआ सोमवार

  •  दिन में हल्के बादल रहेंगे, अब मानसून कमजोर हुआ

RNE, BIKANER. 

आकाश में हल्के नीले बादलों के कारण आज मौसम सुबह के समय बहुत सुहावना था। साथ में चल रही ठंडी हवा मन को सुकून दे रही थी। कल रात 9 बजे बाद आई थोड़ी बारिश ने रात को ठंडा कर दिया, जिसका असर सुबह तक भी था। गर्मी और उमस इस कारण पूरी तरह से गायब थे। अच्छे मौसम के कारण लोग भी बड़ी संख्या में मॉर्निंग वॉक को निकले हुए थे। सड़कों पर भी भोर से चहल पहल थी।

सावन में जमकर बरसा मानसून

राज्य में इस बार सावन के महीनें में मानसून मेहरबान रहा और 24 जिलों में अतिवृष्टि जैसी बारिश हुई। अब तक राज्य में सामान्य से 50 प्रतिशत से अधिक बारिश दर्ज की जा चुकी है। यह बारिश पूरे वर्ष की ओसत बारिश से भी ज्यादा है। फिलहाल बारिश का दौर थम जाने से अतिवृष्टि वाले क्षेत्रों में राहत महसूस की जा रही है।

4- 5 दिन छिटपुट वर्षा

मौसम विभाग के अनुसार परिसंचरण तंत्र दक्षिण – पश्चिमी राजस्थान व आसपास के पकिस्तान क्षेत्र के ऊपर स्थित है और बीकानेर व जोधपुर संभाग के अधिकांश भागों में बारिश में कमी आयी है, इससे बारिश की संभावना कम हुई है। छिटपुट बारिश के ही आसार हैं।

बीकानेर में बादल रहेंगे

मौसम विभाग के अनुसार आज बीकानेर में धूप निकलेगी और हल्के बादल रहेंगे। धूप के कारण बीकानेर का तापमान भी बढ़ गया है। कल बीकानेर का अधिकतम तापमान 34.8 व न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री पर जा पहुंचा।