Skip to main content

बीकानेर: सड़क पर बहते सीवरेज के पानी और गड्ढों से नाराज लोगों ने लगाया जाम

RNE, Bikaner.

बारिश के बाद बदहाली और जाम सीवरेज से सड़कों पर बहता पानी पूरे बीकानेर में देखा जा सकता है। यही वजह है कि आये दिन लोगों का दर्द, आक्रोश बनकर बाहर आ रहा है। कुछ ऐसा ही शुक्रवार को भी हुआ। इस बार यह आक्रोश धरणीधर इलाके में दिखा।

लगातार सीवरेज का पानी सड़क पर बहने से नाराज लोगों ने दशनाम गोस्वामी चौक, माताजी मंदिर के पास रहने वाले लोगों ने रास्ता जाम कर दिया। यह रोड नत्थूसरगेट से धरणीधर, श्रीरामसर, मोहतासराय, शीतलागेट, गंगाशहर, उस्ता बारी और परकोटे के भीतर बड़ा बाजार की ओर से आने-जाने वालों के लिए मुख्य मार्ग है।

इतना ही नहीं यह बीकानेर पश्चिम के विधायक जेठानंद व्यास के निवास के पास का ही इलाका है। ऐसे में देखते ही देखते सड़क पर तीन ओर लंबा जाम लग गया। सैकड़ों लोग इस जाम में फंस गये।

सूचना मिलने पर एमएलए जेठानंद व्यास भी मौके पर पहुंच गये। यहां मौजूद लोगों ने उन्हें तकलीफ बताई। नगर निगम की अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई। व्यास ने इस बात पर सहमति जताई कि यहां हालात काफी विकट हो रहे हैं। ऐसे में उन्होंने मौके से ही अधिकारियों को फोन किया। हिदायत दी, तुरंत समस्या का समाधान होना चाहिये। इस एक्शन के बाद लोगों ने रास्ते में रखे पत्थर हटाकर जाम हटाया।