Skip to main content

पार्षद का चुनाव लड़ना है तो 200 सदस्य बनाने होंगे

  • बीकानेर में शहर-देहात भाजपा की सदस्यता मीटिंग

RNE, Bikaner.

भारतीय जनता पार्टी अब संगठन में पदाधिकारी बनाने से लेकर पार्षद का टिकट देने क तक हर जिम्मेदारी से पहले कार्यकर्ता की कार्यक्षमता और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता का परीक्षण करेगी। इसके लिए पहली परीक्षा होगी सदस्यता अभियान। भाजपा ने सदस्यता अभियान शुरू करने के साथ ही पहले प्रदेश में फिर जिलों में मीटिंग कर स्पष्ट संदेश दे दिया है कि संगठन को मजबूत करना है, विस्तार देना है। इस काम में प्रतिबद्धता से जुटने वाले कार्यकर्ताओं को ही टिकट सहित संगठन में अन्य जिम्मेदारी मिलेगी।

ऐसे चलेगा सदस्यता अभियान:

दरअसल रविवार को बीकानेर में सदस्यता अभियान के लिहाज से हुई शहर-देहात भाजपा की मीटिंग से यही संकेत निकलकर आया। प्रदेशमंत्री आईदानसिंह भाटी, किसान आयोग चेयरमैन सी.आर.चौधरी की मौजूदगी में हुई इस मीटिंग में सदस्यता अभियान का पूरा कार्यक्रम बताया गया। इस कार्यक्रम के मुताबिक अगले तीन मंडलों में सदस्यता अभियान की मीटिंगें होगी। इसके साथ ही अक्टूबर तक सदस्यता अभियान चलेेगा। प्रत्येक बूथ पर 200 सदस्य बनाने हैं। साधारण सदस्यता अभियान के बाद नवंबर में सक्रिय सदस्य बनाने का अभियान चलेगा। यह पूरा होने के बाद बूथ और मंडल टीमों का गठन होगा।

अभी करना पड़ सकता है इंतजार:

ऐसे में माना जा रहा है कि कमोबेश दिसंबर तक संगठन को मजबूत करने और विस्तार देने की यह प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद ही जिलों में अध्यक्ष बदलने का क्रम होगा। इसमें भी अगर निकाय चुनाव तक अध्यक्ष बदलना टालने हैं तो इस पद के लिए उम्मीद लगाकर बैठे और लॉबिंग कर रहे दावेदारों को लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।

सदस्यता अभियान में होगी प्रतिबद्धता की परीक्षा:

ऐसे में सदस्यता अभियान एक तरह से प्रतिबद्धता की परीक्षा भी कही जा सकती है। इस दौरान जो सक्रिय रहते हुए अभियान को सफल बनायेगा उसे संगठन में जिम्मेदारी मिल सकती है। इतना ही नहीं मीटिंग में संकेत दिया गया कि जो पार्षद का चुनाव लड़ना चाहता है उसे भी कम से कम 200 साधारण सदस्य बनाने होंगे।

ये रहे मौजूद:

सदस्यता के लिये आयोजित मीटिंग में बीकानेर के शहर अध्यक्ष विजयकुमार आचार्य, देहात अध्यक्ष जालमसिंह भाटी, महापौर सुशीला कंवर, विधायक अंशुमानसिंह भाटी, जेठानंद व्यास, सिद्धीकुमारी, विश्वकर्मा कौशल बोर्ड के चेयरमैन रामगोपाल सुथार, उप महापौर राजेन्द्र पंवार, महामंत्री मोहन सुराणा, डा.सत्यप्रकाश आचार्य, शहर के सदस्यता अभियान संयोजक श्याम चौधरी, देहात के सवाईसिंह तंवर, देवीालाल मेघवाल, मनीष सोनी सहित बड़ी तादाद मंे पदाधिकारी, कार्यकर्ता मौजूद रहे।