Skip to main content

Tegbir Singh : किलिमंजारो फतेह करने वाला एशिया का सबसे छोटा बच्चा

  • 05 साल की उम्र में तेगबीर सिंह ने अफ्रीका की सबसे ऊंची किलिमंजारो चोटी फतह की

RNE Network, Punjab.

पंजाब के रोपड़ निवासी 5 वर्षीय बालक तेगबीर ने अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी फतह करके एक रिकॉर्ड बनाया है जिससे हर भारतवासी गौरवांवित है।
रोपड़ निवासी बालक तेगबीर ने महज 5 साल की उम्र में अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो को फतह किया है। ये काम करके वे सबसे कम उम्र के एशियाई बन गए हैं।

तेगबीर 6 दिन में 5895 मीटर की चढ़ाई पूरी कर 23 अगस्त को सबसे ऊंची चोटी पर पहुंचे। वहां तापमान शून्य से 10 डिग्री कम रहता है। तेगबीर ने 5 साल की उम्र में किलिमंजारो पर चढ़ने के सर्बियाई बालक ओगंजेन जिवकोविक के विश्व रेकॉर्ड की भी बराबरी की है। अफ्रीका की सबसे ऊंची यह चोटी तंजानिया में 19,340 फीट की ऊंचाई पर स्थित है।

DGP पंजाब के ट्वीट के बाद देशभर में फैली खबर :

पंजाब के DGP डीजीपी गौरव यादव ने ट्वीट किया, ‘पंजाब के रोपड़ के 5 वर्षीय तेगबीर सिंह पर गर्व है, जो माउंट किलिमंजारो पर विजय प्राप्त करने वाले सबसे कम उम्र के एशियाई बन गए हैं! उनका दृढ़ संकल्प हम सभी के लिए प्रेरणा है. उनकी उपलब्धियां दूसरों को अपनी सीमाओं से आगे बढ़ने और महानता के लिए प्रयास करने के लिए प्रेरित करें!’ इस ट्वीट के बाद देशभर से तेगबीर सिंह के लिए बधाइयाँ आने लगी।

एक साल से कर रहा था तैयारी :

तेगबीर ने जहां इस उपलब्धि के लिए कोच बिक्रमजीत सिंह घुमन को श्रेय दिया वहीं परिवारवालों ने कहा, इस यात्रा के लिए तेगबीर ने काफी मेहनत की है। एक साल पहले से ही तैयारी शुरू कर दी गई थी और ऊंचाई पर होने वाली बीमारियों से निपटने के लिए बच्चे को हृदय और फेफड़ों की क्षमता बढ़ाने के लिए व्यायाम कराया गया था।

उसे कई जगहों पर ट्रेकिंग पर ले जाया गया, जिसके बाद सबसे ऊंची चोटी पर चढ़ने की योजना बनाई गई। गौरतलब है कि तेगबीर ने 18 अगस्त को माउंट किलिमंजारो की यात्रा शुरू की और 23 अगस्त को वह पैदल ही पहाड़ की सबसे ऊंची चोटी उहुरू पहुंच गया।