Skip to main content

हादसा : दर्शन कर लौट रहा था परिवार, भारत माला सड़क पर पिकअप पलटी

RNE Network.

सोमवार को एक बार फिर बड़ी दुर्घटना सामने आई है। रामदेवरा से लौट रहे बीकानेर के यात्रियों से भरी एक गाड़ी पलट गई है। इसमें बीकानेर के लगभग 20 लोगों के घायल होने की जानकारी है। घायलों में से 10 की हालत गंभीर बताई जाती जिन्हें जोधपुर भेजा गया है।


दुर्घटना ओसिया के नजदीक भारतमाला सड़क पर हुई है। यहां एक पिकअप पलटने से 20 से अधिक लोग घायल हो गए। इनमें से 10 को जोधपुर रेफर किया गया। जोधपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) भोपालसिंह लखावत ने हादसे की पुष्टि की है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार आज दोपहर 12 बजे के करीब ये हादसा हुआ। बीकानेर के रहने वाले परिवार के लोग पिकअप में सवार होकर रामदेवरा गए थे। यहां से वापस बीकानेर की तरफ लौट रहे थे।

तभी सिरमंडी के निकट भारतमाला प्रोजेक्ट पर पिकअप पलटी खा गई। इसकी वजह चालक को झपकी आना बताया जा रहा है। हादसे में पिकअप सवार 20 से अधिक लोग घायल हो गए। इसकी सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से नजदीक के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद 10 जनों को जोधपुर रेफर कर दिया गया।

पिकअप में 40 सवार :

बताया जाता है कि मतोड़ा से सिरमण्डी गांव के बीच यह हादसा हुआ है। हादसे में महिला, पुरूष व बच्चे घायल हुए हैं। सूचना है कि गाड़ी में 40 से ज्यादा यात्री सवार थे। ऐसे में घायलों की संख्या ज्यादा भी हो सकती है।