Skip to main content

28 को धरना देने की घोषणा, सियासी हलचल बढ़ी

RNE, NETWORK. 

बीमारी से स्वस्थ होते ही पूर्व सीएम अशोक गहलोत एक्शन में आ गए हैं और उससे राज्य की सियासी हलचल बढ़ गई है। पूर्व सीएम गहलोत ने 28 सितंबर को गांधी जयंती से पूर्व धरना देने की घोषणा अपने ट्विटर हैंडल एक्स पर की है।

गहलोत ने कहा है कि करीब एक साल पूर्व उद्घाटन होने के बाद भी भाजपा सरकार ने सेंट्रल पार्क स्थित गांधी वाटिका म्यूजियम को आम जनता के लिए नहीं खोला है। लगभग 85 करोड़ की लागत से बने इस विश्व स्तरीय म्यूजियम को अभी तक भी नहीं खोला गया है।

गहलोत ने बताया कि मैने व्यक्तिगत रूप से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर भी आग्रह किया था। जनता के बीच गांधीजी के सत्य व अहिंसा के संदेश को पहुंचाने के लिए इस म्यूजियम को शुरू किया जाये।

गहलोत ने कहा है कि सरकार की इस हठधर्मिता के विरोध एवं गांधी वाटिका म्यूजियम को आम जनता के लिए शुरू करने हेतु मैं स्वयं एवं तमाम गांधीवादी 28 सितम्बर को सेंट्रल पार्क, जयपुर के गेट नम्बर 5 पर स्थित गांधी वाटिका म्यूजियम पर सुबह 11 बजे से दोपहर 4 बजे तक धरना देंगे।