Skip to main content

नवरात्रा : नागणेचीजी और देशनोक के करणीमाता मंदिर के आगे भक्तों की कतार

RNE, BIKANER. 

नवरात्रा स्थापना के साथ ही समूचा देश जहां ‘मातामय’ हो गया है वहीं बीकानेर की सड़कों पर श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। बुधवार शाम से बीकानेर से देशनोक करणीमाता के मंदिर धोक लगाने पैदल जत्थे रवाना होने का क्रम शुरू हुआ।

तड़के छह बजे तक यहां से लोग रवाना होते गये। रात को लगभग तीन बजते-बजते दृश्य ऐसा बन गया कि बीकानेर से देशनोक तक पूरी सड़क पदयात्रियों से भरी नजर आई। ये सभी सुबह पहली आरती में माता के दर्शन करने को रवाना हुए थे।


दूसरी ओर सेवाभावियों के शहर में इस पदयात्रा के दौरान भी जगह-जगह सेवा के पांडाल नजर आये। इनमें नगर विकास न्यास के पूर्व अध्यक्ष महावीर रांका, बीकानेर पश्चिम के विधायक जेठानंद व्यास तक भक्तों की मनुहार कर अपने हाथों नाश्ता-फल देते नजर आये।

उधर करणीमाता मंदिर में पहली आरती के साथ ही भक्तों क लिए नवरात्रा के विशेष दर्शन चालू हो गये। यहां पहुंचने वाले भक्त रात-दिन दर्शन कर पाएंगे।


दूसरी ओर शहर के नागणेचीजी मंदिर में धोक लगाने के लिए भी अल सुबह जहां पदयात्रियों की कतार लगी वहीं गाड़ियों से भी बड़ी तादाद में लोग पहुंचे। यहां मंदिर के आगे दूर तक भक्तों का रेला नजर आया।

इसके साथ ही घर-घर घट-स्थापना और पूजा-अर्चना का दौर शुरू हो गया। शहर में कई जगह रामचरितमानस के पाठ शुरू हो गये।