
शहर अध्यक्ष की उलटी गिनती शुरू, सात नामांकन, तीन में कशमकश!
RNE Bikaner
बीकानेर शहर भाजपा अध्यक्ष घोषणा की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। प्रभारी दशरथसिंह शेखावत रविवार को बीकानेर पहुंचे और दावेदारों के नामांकन की प्रक्रिया शुरू की। इस दौरान सात दावेदारों ने अध्यक्ष पद के लिए अपना दावा किया है। इनमें महावीर रांका, मोहन सुराणा, सुमन छाजेड़, अविनाश जोशी, राजेन्द्र पंवार, अशोक प्रजापत और अनिल शुक्ला शामिल है।
इन तीन में कशमकश:
हालांकि सात दावेदार सामने आये हैं लेकिन मुख्य कशमकश तीन दावेदारों के बीच ही दिख रही है। इन तीन में पूर्व न्यास अध्यक्ष महावीर रांका, लंबे समय से पार्टी के महामंत्री बने मोहन सुराणा और सुमन छाजेड़ शामिल है। दरअसल बीकानेर जिला देहात अध्यक्ष के पद पर श्याम पंचारिया को अध्यक्ष बनाया गया जो है ब्राह्मण है। इसके साथ ही दो विधायक ब्राह्मण है। जिले मंे दो विधायक राजपूत है। एक विधायक एवं कैबिनेट मंत्री जाट समाज से हैं वहीं मूल ओबीसी के रामगोपाल सुथार को मंत्री पद दिया गया है। ऐसे में शहर अध्यक्ष के तौर पर वैश्य वर्ग से अध्यक्ष चुनना प्राथमिकता बनता जा रहा है।
वैश्य वर्ग से जो दावेदार सामने आ रहे थे उनमें मोहन सुराणा, नारायण चौपड़ा, महावीर रांका मोटे तौर पर थे। इसके बाद पार्टी ने महिला अध्यक्ष का विकल्प भी रखा। प्रदेश में महिला अध्यक्षों का कोटा अभी खाली है। ऐसे मंे बीकानेर मंे भी महिला अध्यक्ष पर विचार होने लगा। इसको देखते हुए महौपर सुशीला कंवर का नाम आगे किया गया। यहां एक दिक्कत यह आ गई कि सुशीला कंवर की उम्र अध्यक्ष के लिये तय मानदंडों से कम निकली। ऐसे मंे सुमन छाजेड़ एक मजबूत विकल्प के रूप में सामने आई। अगर सुमन छाजेड़ को अध्यक्ष बनाया जाता है तो पार्टी वैश्य और महिला दोनों टारगेट एक साथ पूरा कर सकती है।
इसके बावजूद अभी बड़ी कशमकश सुराणा और रांका के बीच मानी जाती है। माना जा रहा है कि रांका के नाम को लेकर शहर के विधायक, अध्यक्ष, पूर्व अध्यक्ष सहमत नहीं है। इससे इतर उनके पक्ष में संघ लॉबी का एक धड़ा होने का जिक्र होता रहा है। सांसद एवं केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल का रूख स्पष्ट नहीं है। यही वजह है कि बीकानेर में अब तक अध्यक्ष का मसला लंबित रहा। अब पार्टी हाईकमान ने सभी अध्यक्षों की नियुक्ति जल्द पूरी करने का निर्देश दिया है। ऐसे में यह प्रक्रिया तेज हुई है।
अलबत्ता नामांकन के साथ ही अध्यक्ष के दावेदार सामने आ चुके हैं और सोमवार दोपहर तक इनमें से एक नाम की घोषणा हो जाएगी।