
ओडिशा विधानसभा में ही माननीय आपस में भिड़ गये, भाजपा व कांग्रेस विधायक में हाथापाई, सदन हुआ स्थगित
RNE Network
ओडिशा विधानसभा में उस समय लोकतंत्र पूरी तरह शर्मसार हो गया जब सदन में ही माननीय आपस में उलझ गए और हाथापाई तक पहुंच गये। सदन जनता की समस्याओ को रखने का माध्यम होता है मगर ओडिशा में तो ये व्यक्तिगत लड़ाई का साधन बन गया। इस घटना को सुनने वाला हर कोई देशवासी चिंता करने लगा, लोकतंत्र के भविष्य को लेकर विचार करने लगा।अलग अलग विधानसभाओं और संसद में अनेक बार सदस्य आपस मे उलझते है, गर्मागर्मी भी होती है। मगर हाथापाई तक पहुंचने की स्थिति कभी कभार ही बनी है। कल ओडिशा विधानसभा में जो भी हुआ उसे लोकतंत्र के लिए अच्छा तो कहा ही नहीं जा सकता।
ओडिशा विधानसभा में भाजपा विधायक जयनारायण मिश्रा और कांग्रेस विधायक तारा प्रसाद बहिनीपति के बीच हाथापाई हुई। बहिनीपति ने आरोप लगाया कि मिश्रा ने उनका कॉलर पकड़ा। भाजपा व कांग्रेस के अन्य सदस्यों के बीच भी धक्का – मुक्की होने पर कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।