Skip to main content

Khajuwala : अज्ञात जानवर ने महिला को नोंचा, एक का कान काटा, मां-बेटी सहित चार को घायल किया

  • गंभीर हालत में जख्मी महिला एम्स रैफर
  • वन विभाग की टीमें जानवर की तलाश में जुटी

RNE Khajuwala- Bikaner.

बीकानेर जिले के खाजूवाला इलाके में एक अज्ञात जानवर के खौफ से लोगों की नींद उड़ गई है। इस जानवर ने चार लोगों पर हमला कर उन्हें जख्मी कर दिया। घायलों में एक मां बेटी भी शामिल हैं। इनमें से एक महिला की हालत गंभीर है। उसे पहले बीकानेर के PBM हॉस्पिटल लाया गया। बाद में गंभीर हालत में एम्स जोधपुर ले जाया गया है। महिला का मुंह बुरी तरह नोंच दिया गया है। इसके साथ हीं एक का कान काट डाला। जानवर की तलाश में वन विभाग की टीम घूम रही है।जानिए कहां, क्या हुआ मामला:

बीकानेर के दन्तौर थाना क्षेत्र में चक 19 बीएलडी और दन्तौर मार्केट में अज्ञात जानवर ने एक ही रात में चार लोगों पर हमला कर घायल कर दिया। हमले में एक महिला, एक बच्ची और दो युवक घायल हो गए। वन विभाग का मानना है कि लोमड़ी या सियार का हमला हो सकता है।घटना में गंभीर रूप से घायल महिला किशना देवी पत्नी गोपीराम और उनकी बेटी सोनू को प्राथमिक इलाज के बाद दन्तौर हॉस्पिटल से पीबीएम हॉस्पिटल बीकानेर रेफर किया गया। इसके बाद जोधपुर एम्स के लिए रेफर किया गया। जानवर ने महिला के चेहरे को बुरी तरह से काट डाला।हमले में घायल अन्य दो युवक सुरेश कुमार पुत्र मनोहर लाल, निवासी चक 19 बीएलडी और अनिल कुमार पुत्र मूलाराम निवासी ग्राम पंचायत तांतवाश, तहसील खींवसर, जिला नागौर जो कि दंतौर छात्रावास में मजदूरी का काम करने आया हुआ था। सुरेश कुमार के कान पर जानवर ने हमला किया, जिससे उसका कान पूरी तरह से अलग हो गया। दोनों को भी पीबीएम बीकानेर रेफर किया गया है।
घटना के बाद से दन्तौर में वन विभाग की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। क्षेत्रीय वन अधिकारी भारवेन्द्र सिंह के नेतृत्व में वन विभाग की अलग-अलग टीम पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चला रही हैं लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमला किस जानवर ने किया है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इससे पहले ऐसा हमला कभी नहीं देखा। अज्ञात जानवर के हमले के कारण ग्रामीण रात के समय बाहर निकलने से डर रहे हैं।