Skip to main content

PM Modi in Bikaner : जहां मोदी की सभा वह देश का सबसे गर्म इलाका, आज भी 48° का अनुमान

  • लोग लू की चपेट में आ सकते हैं, 02 अस्थाई हॉस्पिटल बनाए
  • सभास्थल के चारों ओर 10 जगह एंबुलेंस
  • 35 नर्सिंगकर्मी, 10 डॉक्टर की अस्थाई हॉस्पिटल में ड्यूटी
  • आस-पास के सभी हॉस्पिटलों में बर्फ, ग्लूकोज, कूलर वाले वार्ड तैयार

RNE Bikaner.

PM Modi आज यानी गुरूवार को राजस्थान के बीकानेर जिले में पहुंच रहे हैं। वे यहां विभिन्न उद्घाटन, शिलान्यास करेंगे। सभी काम कुल मिलाकर 26000 करोड़ के बताए जा रहे हैं।

पीएम मोदी की जनसभा पलाना गांव में होगी जिसके लिए विशेष मंच और पंडाल बनाया गया है।

बीकानेर के सांसद, केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित बीसियों मंत्री, विधायक, भाजपा नेता भीड़ जुटाने में लगे हैं। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ भी यहीं डेरा डाले हैं। ऐसे में भीड़ जुटने की पूरी संभावना है।

यहां जितनी बड़ी चुनौती भीड़ जुटाना है उससे भी बड़ी जिम्मेदारी मोदी की सभा में पहुंचने वालों के स्वास्थ्य की भी है। वजह, जहां मोदी की सभा हो रही है वह इस वक्त देश का सबसे गर्म इलाका है। बीते 24 घंटों में देश सबसे गर्म शहर बीकानेर संभाग का श्रीगंगानगर रहा है जहां तापमान 47.6° तक पहुंच गया। राजस्थान के तीन सबसे गर्म जिलों की बात करें तो वे तीनों इसी संभाग के श्रीगंगानगर, बीकानेर और चूरू है। बीकानेर में बीते दिन जहां अधिकतम तापमान 46.3° रहा वहीं चूरू में 46.8° तक पारा पहुंचा। देश के सबसे गर्म जिलों में पहले कुछ स्थानों पर बीकानेर संभाग के सभी जिले शामिल हैं।

आज भी 48° तापमान का अनुमान :

ऐसा नहीं है कि बीते दिन ही सबसे गर्म बीकानेर रहा। वास्तविकता यह है कि पूरा मई महीना कमोबेश ऐसा ही रहा है। आज यानी 22 मई को जहां मोदी की सभा होने जा रही है वहां तापमान 48° तक पहुंचने का अनुमान मौसम विभाग ने जारी किया है। यह अनुमान इसलिए भी सही होता लग रहा है क्योंकि गुरुवार को दिन की शुरुआत ही 31.8° से हुई है। ऐसे में आज सुबह का यह तापमान राजस्थान में फलोदी के 32° के बाद सबसे ज्यादा है। ज्यों ज्यों दिन चढ़ रहा है त्यों त्यों गर्मी के तेवर तीखे होते जा रहे हैं। ऐसे में इतने तापमान में हजारों लोग जुटते हैं तो जानलेवा लू लगने की आशंका सर्वाधिक रहती है।

प्रशासन जानता है, इसलिए ये इंतजाम :

ऐसा नहीं है कि सरकार, प्रशासन और आयोजकों इसकी चिंता नहीं है। दरसअल प्रशासन इन हालात से पूरी तरह वाकिफ है। यही वजह है कि सभास्थल पर दो अस्थाई हॉस्पिटल बनाने, बड़ी संख्या में एंबुलेंस तैनात करने के साथ ही डॉक्टर्स, नर्सेज की पूरी फौज इस मैदान पर उतार दी है। आसपास के सभी हॉस्पिटलों में बेड, कूलर, दवाईयों, ग्लूकोज का भरपूर इंतजाम करने की कोशिश है।

ये हैं इमरजेंसी इंतजाम :

  1. सभा स्थल के पास 35 बेड के दो अस्थाई हॉस्पिटल।
  2. 10 डॉक्टर्स और 35 नर्सिंग ऑफ़िसर्स तैनात।
  3. 10 से ज़्यादा एम्बुलेन्स भी रहेंगी उपलब्ध।
  4. 6 हज़ार कैम्पर और 8 लाख लीटर ठन्डे पानी का इन्तेज़ाम।
  5. 100 मोबाइल टॉयलेट्स भी बनाए।
  6. सभा स्थल को ढँका गया है डोम से।
  7. हज़ारों कूलर और बारीक छिड़काव करने वाले पंखे।