
राहुल आज भोपाल में, फिर चंडीगढ़ और बिहार का भी दौरा, संगठन सृजन अभियान के तहत कांग्रेस नेता 3 राज्यों में जा रहे
RNE Network.
कांग्रेस ने साल 2025 को संगठन के लिए समर्पित किया हुआ है। इस साल में पार्टी ब्लॉक से लेकर प्रदेश तक के संगठन को बदलाव के साथ खड़ा करने के लिए मेहनत कर रही है। जिसे कांग्रेस ने ‘ संगठन सृजन अभियान ‘ का नाम दिया है। इस अभियान के लिए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज से तीन राज्यों की यात्रा आरम्भ कर रहे है।
राहुल आज इस अभियान के लिए भोपाल पहुंचेंगे। यहां के संगठन को लेकर वे एक बड़ी बैठक करेंगे। मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी पहले से ही यहां डेरा डाले हुए है। जीतू पटवारी अध्यक्ष के रूप में खुद भी संगठन को सक्रिय करने में लगे है। मध्यप्रदेश में स्लीपर सेल का भी पार्टी में मुद्दा चल रहा है। आज राहुल के दौरे से उसे कोई दिशा मिलेगी। उस पर राहुल जरूर बोलेंगे।
कल 4 जून को राहुल चंडीगढ़ जाएंगे। जहां हरियाणा और पंजाब के पार्टी संगठन को लेकर बैठक होगी। हरियाणा में पार्टी को अभी नेता प्रतिपक्ष भी तय करना और संगठन को भी बदलना है। राहुल के इस दौरे में इस पर भी निर्णय की जमीन तैयार होगी।
इसके बाद राहुल 6 जून को बिहार के दौरे पर जायेंगे। बिहार में इसी साल विधानसभा के चुनाव है और राहुल का 6 महीने में बिहार का छठा दौरा है।