Skip to main content

झारखंड में बहुत कुछ चल रहा पर्दे के पीछे, चम्पई को लेकर कयास

  • हेमंत के क्षेत्र में नहीं गये, बीमार हो गए, जेएमएम जामताड़ा ने चम्पई पर चिंता जताई
  •  सीएम हेमंत ने भी स्वस्थ होने की कामना की

RNE, NETWORK. 

हरियाणा व जम्मू कश्मीर में एग्जिट पोल सामने आते ही चुनावी राज्यों महाराष्ट्र व झारखंड में भी पर्दे के पीछे राजनीति में बदलाव के बड़े कयास आरम्भ हो गये हैं। झारखंड में तो लगता है कोई बड़ा खेल होने की तैयारी है।

कल जेएमएम छोड़कर भाजपा में गये पूर्व सीएम चम्पई सोरेन को सीएम हेमंत सोरेन के क्षेत्र में प्रचार के लिए जाना था। मगर वे बीमार हो गये और उनको अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। हेमंत के क्षेत्र वे नहीं जा सके। इस बीमार के बाद से ही झारखंड में बड़े राजनीतिक कयास आरम्भ हो गए हैं।

जेएमएम जामताड़ा का ट्वीट

चम्पई के बीमार होने पर भले ही भाजपा ने उनके स्वास्थ्य को लेकर कोई ट्वीट नहीं किया मगर चम्पई के जामताड़ा की जेएमएम इकाई ने उनके अस्पताल की फोटो लगाकर एक ट्वीट किया। उससे ही कयास आरम्भ हुए।

जामताड़ा जेएमएम इकाई ने ट्वीट में लिखा कि मरांग बुरु से प्रार्थना है कि आप तुरंत स्वस्थ होकर मैदान में आईए और दादा किसी भी बात की चिंता, परेशानी को खुद पर हावी मत होने दीजिए। कई बार हम किसी बात को लेकर मन में इतना बोझ ले लेते हैं जिसका दुष्प्रभाव हमारे स्वास्थ्य पर पड़ता है। पहले की तरह बिल्कुल बेबाक, बिंदास रहिए।

जामताड़ा जेएमएम के इस ट्वीट को झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने रीट्वीट किया और लिखा कि मरांग बुरु से चम्पई दा को जल्द स्वास्थ्य लाभ देने की कामना करता हूं।

ट्वीट से कयास

इन दो ट्वीट के बाद झारखंड की राजनीति में चम्पई को लेकर कई कयास आरम्भ हो गए हैं। क्योंकि चम्पई जब जेएमएम छोड़कर गये तो उन्होंने हेमंत पर कई आरोप जड़े। उसके बाद भी हेमंत व जेएमएम की उनके प्रति नरमाई दिख रही है। जो राजनीतिक कयासों को जन्म दे रही है। चम्पई के साथ जेएमएम का एक भी विधायक या बड़ा पदाधिकारी भाजपा में नहीं गया।

कुछ न कुछ चल रहा

राजनीति के जानकारों का मानना है कि झारखंड में पर्दे के पीछे कुछ न कुछ राजनीति चल रही है। जिसको सामने आने में भी ज्यादा वक्त नहीं लगेगा।