
कसाब को जिंदा पकड़ने वाले तुकाराम का स्मारक बनेगा, शहीद पुलिसकर्मी को सेल्यूट, सदा याद किया जायेगा
RNE Network.
मुंबई पर आतंकवादी हमला। पाक आतंकियो का ताज होटल पर कब्जा। मुंबई ही नहीं पूरा देश सकते में। हर भारतीय चिंतित और गुस्से में। उस आतंकी हमले को पूरे देश ने देखा क्योंकि चैनल्स पर सब कुछ लाइव चल रहा था। पुलिस के प्रयास भी लाइव चल रहे थे।देश के लोग सब काम छोड़कर टीवी पर निगाहें टिकाए हुए थे और आंखें गुस्से से लाल थी। सीमा पार से आये आतंकी इतने भीतर तक देश की आर्थिक राजधानी में घुस आए। मगर भारत के जांबाज पुलिसकर्मियों ने जान हथेली पर रखकर उनका मुकाबला किया और विजयी भी हुए।
उस आतंकी हमले में एक आतंकवादी अजमल कसाब को जिंदा पकड़ा गया जिससे पडौसी देश का आतंकी चेहरा भी दुनिया के सामने आया। कसाब को जिंदा पकड़ने में पुलिसकर्मी तुकाराम ओंबले की बड़ी भूमिका थी। महाराष्ट्र सरकार ने कसाब को जिंदा पकड़ने वाले पुलिसकर्मी तुकाराम का स्मारक बनाने का निर्णय किया है। ताकि इस जांबाज को सदा याद रखा जा सके। यह स्मारक सतारा जिले के मौजे केडम्बे गांव में बनेगा। इसके लिए 13. 46 करोड़ रुपये मंजूर किये गए हैं।