{"vars":{"id": "127470:4976"}}

जै बाबे री .. पूनरासर के लिए उमड़ा आस्था का सैलाब, पैदल यात्रियों से जयपुर हाईवे भरा, बाबे की जयकार-सेवा की मनुहार!

पूनरासर मेले का आगाज : 2 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान, कलेक्टर-एसपी गांव में पहुंचे
 

Rudra News Express Bikaner. 

रात करीब 11 बजे। बीकानेर-जयपुर हाईवे पर सर्किट हाउस से नौरंगदेसर तक करीब 27 किलोमीटर का रास्ता। सड़क पर जगह-जगह पैदल श्रद्धालुओं के जत्थे, ऊंटगाड़ों की कतारें और सेवादारों की आवाजाही। हर तरफ ‘पूनरासर बाबा के जयकारे’ गूंज रहे थे। कहीं डीजे पर श्रद्धालु नाच रहे थे तो कहीं सेवादार पानी और भोजन के लिए मनुहार कर रहे थे।

इसी माहौल में नवदीप बीकानेरी का भजन ‘गाडै आळा रस्तो छोड़, पैदलियों सूं मत कर झोड़... नौरंगदेसर बाद में तूं कच्चे रस्ते गाडो मोड़...’ श्रद्धालुओं के बीच बार-बार सुनाई दे रहा था। बीकानेर से पूनरासर की ओर बढ़ता यह जनसैलाब तीन दिवसीय हनुमानजी मेले के आगाज का नजारा पेश कर रहा था।

बुधवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल पूनरासर के लिए रवाना हुए। इसके साथ ही हाईवे और पदयात्रा मार्ग पर सेवा शिविर भी सक्रिय हो गए। हल्दीराम प्याऊ, रायसर और नौरंगदेसर सहित रास्ते में कई जगह सेवादारों ने टेंट लगाकर श्रद्धालुओं की सेवा शुरू कर दी।

2 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान : 

पूनरासर मेले में इस बार करीब 2 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। इसी आधार पर पुजारी ट्रस्ट और प्रशासन ने व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया है। 17 से 19 सितंबर तक चलने वाले मेले में हर समय कम से कम 20 हजार श्रद्धालुओं की मौजूदगी रहने का अनुमान है।

पूनरासर धाम में करीब 10 धर्मशालाओं में एक हजार कमरों की व्यवस्था है। इसके अलावा गांव के घरों में भी बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था की जाती है।

कलेक्टर-एसपी ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा : 

जिला कलक्टर निशान्त जैन और पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बुधवार को पूनरासर पहुंचकर मेले की तैयारियों का जायजा लिया। कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो और सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं।

उन्होंने पदयात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। सार्वजनिक निर्माण विभाग को सड़कों पर पेचवर्क का काम जल्द पूरा करने तथा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बेरिकेडिंग कराने को कहा।

कलक्टर ने मेला क्षेत्र में पर्याप्त पेयजल, निर्बाध बिजली और बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। नियमित सफाई के साथ मेला क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

यातायात और पार्किंग पर पुलिस की नजर : 

पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की तैयारियों की जानकारी ली। श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए वाहनों की आवाजाही, पार्किंग और यातायात को सुचारु रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने धर्मशालाओं और अन्य स्थानों पर श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। सभी संबंधित विभागों को मेला समाप्त होने तक पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी करने और आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं संचालित करने के निर्देश दिए गए।

तीन दिवसीय पूनरासर मेला 17 से 19 सितंबर तक आयोजित होगा। इससे पहले ही हजारों श्रद्धालुओं की पदयात्रा शुरू हो चुकी है और बीकानेर-जयपुर हाईवे पर पूनरासर की ओर बढ़ती आस्था का सैलाब नजर आने लगा है।