{"vars":{"id": "127470:4976"}}

25 कंपनियों ने 250 पदों के लिए आयोजित की चयन प्रक्रिया, 90 अभ्यर्थियों का चयन, 160 शॉर्टलिस्ट

 

 

RNE Bikaner

बीकानेर,  उप क्षेत्रीय रोजगार केंद्र द्वारा सोमवार को बेसिक पीजी कॉलेज में कैंपस प्लेसमेंट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रोजगार एवं करियर से जुड़े आयोजन में 25 कंपनियों ने भाग लिया। कंपनियों द्वारा 250 पदों के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की गई, जिसमें 400 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। इनमें से 90 अभ्यर्थियों का विभिन्न चरणों में चयन किया गया तथा उन्हें रोजगार प्रस्ताव एवं ऑफर लेटर प्रदान किए गए। वहीं 160 अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया के अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया।

कार्यक्रम में बीकानेर पश्चिम विधायक श्री जेठानन्द व्यास मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री यशपाल आहुजा, पार्षद डॉ. सुरेन्द्र सिंह शेखावत, श्री प्रकाश व्यास, श्री दीपक व्यास एवं सुश्री अपर्णा आचार्य सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष रामजी व्यास एवं प्राचार्य डॉ. सुरेश पुरोहित ने अतिथियों का स्वागत किया।

उप क्षेत्रीय रोजगार केंद्र के उपनिदेशक श्री हरगोबिंद मित्तल ने स्वागत उद्बोधन दिया तथा कार्यक्रम की अवधारणा के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा रोजगार मेलों के साथ केंपस प्लेसमेंट कार्यक्रम भी सतत् रूप से आयोजित किया जा रहे हैं। 

मुख्य अतिथि श्री जेठानन्द व्यास ने कहा कि युवाओं के लिए केवल डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है। रोजगार के लिए आवश्यक कौशल एवं व्यावहारिक दक्षताओं का विकास भी जरूरी है। उन्होंने युवाओं को रोजगार एवं उद्योग जगत से जोड़ने के लिए आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना की।

महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री यशपाल आहूजा ने कहा कि उच्च शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को ज्ञान प्रदान करने के साथ उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर सीखने और अपने कौशल को विकसित करने का आह्वान किया।

आयोजन के दौरान अभ्यर्थियों के लिए कौशल परीक्षण, करियर काउंसलिंग, ग्रुप डिस्कशन, व्यक्तिगत साक्षात्कार तथा रेज्यूमे संबंधी मार्गदर्शन जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की प्रतिभा एवं योग्यता का आकलन किया और रोजगार के अवसरों की जानकारी दी।

महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. सुरेश पुरोहित ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ रोजगारपरक कौशल और उद्योग जगत की आवश्यकताओं से परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को रोजगार की वास्तविक चयन प्रक्रिया को समझने और आत्मविश्वास के साथ उसमें भाग लेने का अवसर देते हैं।

महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष रामजी व्यास ने कहा कि संस्था विद्यार्थियों को शैक्षणिक रूप से सक्षम बनाने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर एवं रोजगार के लिए तैयार करने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले कंपनियों के प्रतिनिधियों, रोजगार विभाग, अतिथियों, संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम समन्वयक डॉ. रोशनी शर्मा ने बताया कि आयोजन में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया और विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों से संवाद कर अपनी योग्यता एवं रुचि के अनुरूप रोजगार के अवसरों की जानकारी प्राप्त की।