{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Ghoomer Award Bikaner : 6100 महिलाओं ने 07 संभाग मुख्यालयों पर घूमर डांस किया, खिताब बीकानेर को

 

RNE Jaipur - Bikaner.
 

प्रदेश में पहली बार सातों संभाग मुख्यालयों पर राज्य स्तरीय घूमर फेस्टिवल-2025 आयोजित किया गया। इसमें एक साथ 6100 महिलाओं ने घूमर नृत्य किया। उपमुख्यमंत्री और पर्यटन मंत्री दीया कुमारी ने बुधवार देर शाम को जयपुर के विद्याधर नगर स्टेडियम के फुटबॉल ग्राऊंड पर नगाड़ा बजाकर घूमर महोत्सव का आगाज किया। घूमर फेस्टिवल 'एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड' में दर्ज हो गया।

डिप्टी सीएम ने भी महिलाओं के साथ घूमर नृत्य किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि घूमर राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान और आत्मा का उत्सव है। घूमर महोत्सव बहुत ही भव्यता, उमंग और उत्साह के साथ मनाया गया। घूमर नृत्य का बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को पुरस्कृत किया गया। बीकानेर ग्रुप ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया।

Jaipur में दीया ने नगाड़ा बजाया, प्रदेशभर में महिलाएं थिरकी:

 उपमुख्यमंत्री और पर्यटन, कला एवं संस्कृति मंत्री दिया कुमारी की पहल पर ऐतिहासिक रूप से पहली बार राजस्थान पर्यटन विभाग की ओर से राजस्थान की लोक-संस्कृति, पारंपरिक कलाओं और जनभागीदारी आधारित सांस्कृतिक मॉडल को नई दिशा देने के उद्देश्य से बुधवार को राज्य के सातों संभाग मुख्यालयों पर एक साथ भव्य घूमर महोत्सव आयोजित हुआ। इस आयोजन को एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज किया गया जिसमें राजस्थान के सातों संभागों में आयोजित घूमर महोत्सव में एक साथ लगभग 6 हजार महिलाओं ने घूमर नृत्य किया। 

जयपुर के विद्याधर नगर स्टेडियम के फुटबॉल ग्राउण्ड में राज्य स्तरीय घूमर महोत्सव आयोजित हुआ जिसमें महिलाओं ने बड़ी संख्या सहभागिता कर राजस्थान की सांस्कृतिक परम्पराओं को जीवंत कर दिया। लय-ताल और सुरों की जुगल बंदी से सुसज्ज्ति और सुगठित घूमर महोत्सव ने राजस्थान की सांस्कृतिक गरिमा को प्रदर्शित किया। 

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने इस अवसर  पर नगाड़ा बजाकर महोत्सव का आगाज किया। उन्होंने स्टेडियम में उपस्थित मातृशक्ति का अभिवादन किया। साथ ही, बहनों और बेटियों का स्नेहाशीष देते हुए कहा कि आज वो समय आ गया ह,ै जब हमें राजस्थान की लोक संस्कृति, लोक कलाओं और विरासत को नई  पीढी तक पहुंचाना होगा। राजस्थान की संस्कृति के पर्यायवाची घूमर नृत्य को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने के लिए इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन हर वर्ष बृहत् स्तर पर किया जाएगा। 

इस उत्सव में उपमुख्यमंत्री और पर्यटन, कला एवं संस्कृति मंत्री दिया कुमारी ने भी  जयपुर सांसद श्रीमती मंजू शर्मा और अन्य गणमान्य महिलाओं के साथ घूमर नृत्य किया। 

महोत्सव के दौरान घूमर की सबसे प्राचीन शैली की प्रस्तुति ‘‘एक बार हो पिया जयपुर शहर पधार जो....’’ गीत पर दी गई। 

कार्यक्रम में घूमर व प्रदेश के अन्य लोकनृत्यों को संरक्षण देने वाली स्व.पदमश्री  गोवरधन कुमारी को श्रद्धाजंलि दी गई और कला संरक्षण के लिए उनके द्वारा किए उल्लखेनीय कार्यों व उपलब्धियों पर एक लघु वृतचित्र प्रदर्शित किया गया। 

बड़ी संख्या में उमड़े जयपुरवासी-

घूमर महोत्सव में बड़ी संख्या में महिलाओं विशेषकर युवतियों ने सहभागिता की ।   जयपुरवासी गणमान्य, विद्यार्थियों, आमजन ने विद्याधर नगर स्टेडियम पहुंचकर घूमर महोत्सव का आनंद लिया। 

इस अवसर पर सिविल लाइन्स विधायक गोपाल शर्मा, पर्यटन विभाग के प्रमुख शासन सचिव  राजेश यादव, पर्यटन आयुक्त रूकमणी रियाड़, अमित गोयल, पर्यटन विभाग की वित्तीय सलाहकार गार्गी सिंह,  पर्यटन विभाग की संयुक्त निदेशक डॉ.पुनीता सिंह, दलीप सिंह राठौड़ व देवेेंद्र मीणा, उपनिदेशक उपेंद्र सिंह शेखावत व नवलकिशोर बसवाल समेत अन्य लोग उपस्थित रहे। 

घूमर के रंग यूँ बिखरे-

कार्यक्रम की शुरूआत गणगौर डांस अकादमी की कलाकारों द्वारा घूमर के ‘‘लंजो..म्हारौ आलाजी लेता आइजो..’’ से हुई। इसमें एक विवाहित महिला  अपने पति से श्रंगार सामग्री व गहने लाने का आग्रह करती है लेकिन यह शर्त  रखती है कि श्रंगार का साजो-सामान रत्नजड़ित होना चाहिए। 

 ‘‘जलाल-बिलाला’’ प्रस्तुति में विरह की पीड़ा झेलती नायिका अपनी बैरन से अनुरोध करती है कि उसके पति को आदर से नायिका के पास भेजा जाए। 

तलवारबाजी संघ की बालिकाओं ने  आत्मरक्षा व आक्रमण की शैलियों को मंच पर साकार किया तो स्टेडियम में उपस्थित जनसमूह जोश से भर गया।  सीआरपीएफ  बैंड द्वारा भी आकर्षक प्रस्तुतिया दी गयी। 

रंग-बिरंगी वेशभूषा और सेल्फी-

 विद्याधर नगर स्टेडियम में दोपहर से ही महिलाओं का आगमन शुरू हो गया। रंग बिरंगी पोशाक में सजी संवरी महिलाओं  ने दोपहर से नृत्य अभ्यास किया, सेल्फी ली। 

पुरस्कार एवं सम्मान-

जयपुर और जोधपुर में 1500 से अधिक पंजीकरण प्राप्त होने पर इन दोनों शहरों को उच्च श्रेणी पुरस्कार श्रेणी में शामिल किया गया है। इन दोनों संभागों में बेस्ट ग्रुप डांस, बेस्ट कॉस्ट्यूम, बेस्ट ज्वेलरी, बेस्ट सिंक्रोनाइजिंग और बेस्ट कोरियोग्राफी श्रेणियों में  2,34,000 रूपये के पुरस्कार प्रदान किए गए। अन्य पाँच संभागों के लिए 1,04,000 रूपये पुरस्कार स्वरूप दिए गए।

बीकानेर के करणी सिंह स्टेडियम में  घूमर महोत्सव :
 

बीकानेर में संभाग स्तरीय घूमर महोत्सव बुधवार शाम डॉ करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित हुआ। जिसमें करीब 850 महिला प्रतिभागियों ने 18 मिनट के म्यूजिक ट्रैक पर पर एक साथ घूमर नृत्य किया। महिलाओं ने बड़ी संख्या सहभागिता कर राजस्थान की सांस्कृतिक परम्पराओं को जीवंत कर दिया। लय-ताल और सुरों की जुगलबंदी से सुसज्जित और सुगठित घूमर महोत्सव ने राजस्थान की सांस्कृतिक गरिमा को प्रदर्शित किया। 

कार्यक्रम की शुरुआत किशनगढ़ से आए डांस ग्रुप की नृत्य प्रस्तुति से हुई। घूमर महोत्सव की कोरियोग्राफर मानसी सिंह पंवार ने ''सुंदर गौरी रे... लोकगीत पर भव्य प्रस्तुति दी। सुश्री वर्षा सैनी ने भवई नृत्य की प्रस्तुति दी। महोत्सव में सुमन छाजेड़ और शिखा वैद ने अन्य गणमान्य महिलाओं के साथ घूमर नृत्य कर राज्य की सांस्कृतिक भव्यता उजागर की और इस महोत्सव में सहभागिता कर रही युवतियों और महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।इससे पूर्व खाजूवाला विधायक डॉ विश्वनाथ, संभागीय आयुक्त श्री विश्राम मीणा, सुमन छाजेड़, श्याम पंचारिया इत्यादि जनप्रतिनिधियों ने इस अवसर पर दीप प्रज्वलन कर घूमर महोत्सव का आगाज किया।  विदित है कि कुल पंजीकृत प्रतिभागियों में 153 एकल प्रतिभागी तथा 33 समूह सम्मिलित हुए। 

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि आज वो समय आ गया है जब हमें राजस्थान की लोक संस्कृति, लोक कलाओं और विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना होगा। विदित है कि राजस्थान संस्कृति के पर्यायवाची घूमर नृत्य को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने के लिए पर्यटन विभाग की ओर से इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन अब हर वर्ष बृहत् स्तर पर किया जाएगा। निर्णायक मंडल द्वारा ग्रुप नं 13 को सर्वश्रेष्ठ ग्रुप डांस, ग्रुप नं. 23 को सर्वश्रेष्ठ कोरियोग्राफी, ग्रुप नं 17 को सर्वश्रेष्ठ ज्वेलरी, ग्रुप नं 04 को सर्वश्रेष्ठ कॉस्टयूम और ग्रुप नं 29 को सर्वश्रेष्ठ सिंक्रोनाइज कैटेगरी में पुरस्कार दिए गए। 

बड़ी संख्या में उमड़े बीकानेरवासी:

घूमर महोत्सव में बड़ी संख्या में महिलाओं विशेषकर युवतियों ने सहभागिता की । बीकानेरवासी गणमान्य जन, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में पहुंचे आमजन डॉ करण सिंह स्टेडियम में घूमर महोत्सव के रंग में रंगे नजर आए।इस अवसर पर अतिरिक्त संभागीय आयुक्त जसवंत सिंह, यूआईटी के पूर्व चेयरमैन महावीर रांका,पूर्व महापौर नारायण चौपड़ा समेत अन्य जनप्रतिनिधि, पुष्कर में मिस राजस्थान चुनी गई कोमल सिद्ध , मिस मूमल बीकानेर पारूल, मिस मरवण खुशी, सुश्री गरिमा विजय समेत बड़ी संख्या में महिलाएं, पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक श्री अनिल राठौड़, सहायक निदेशक महेश व्यास,पर्यटन अधिकारी पवन शर्मा, सहायक पर्यटन अधिकारी नेहा शेखावत एवं योगेश राय, ज्योति स्वामी, हसन खान तथा पर्यटन सुरक्षा बल के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में पुलिस के जवान,एनसीसी कैडेट्स व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मंच संचालन ज्योति रंगा, गोपाल जोशी , मोनिका गौड़ और ,नीतू आचार्य ने किया।

Jodhpur में घूमर के रंग:
 

जोधपुर के राजकीय उम्मेद स्टेडियम में बुधवार को सम्पन्न संभाग स्तरीय भव्य घूमर महोत्सव महोत्सव लोक-संस्कृति की गरिमा, उत्कट उत्साह और सांस्कृतिक दिव्यता का प्रतीक के रुप में आयोजित हुआ। रंग-बिरंगी राजस्थानी पोशाकों में सजी महिलाओं की ऐतिहासिक संख्या ने पूरे वातावरण में लोक-आभा बिखेरते हुए इसे एक अविस्मरणीय अवसर में परिवर्तित कर दिया।

जहां स्टेडियम का प्रत्येक कोना घूमर की लय, ताल और सुरों की रेशमी तरंगों से झंकृत हो उठा। महोत्सव में महिलाओं की अभूतपूर्व सहभागिता ने इसे जनभागीदारी आधारित सांस्कृतिक मॉडल का राजपत्रीय उदाहरण स्थापित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मारवाड़ की सांस्कृतिक धरोहर  संरक्षक स्वरूप पूर्व सांसद गजसिंह जी ने की।  जोधपुर शहर विधायक  अतुल भंसाली, सूरसागर विधायक देवेन्द्र जोशी तथा रूमा देवी फाउंडेशन की अध्यक्ष, अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त डिजाइनर एवं सामाजिक कार्यकर्ता रूमा देवी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।