Kolayat के कपिल सरोवर में बड़ी तादाद में कछुए मर रहे, बढ़ रहा आक्रोश, जांच और पानी के उपचार की मांग
Rudra News Express Kolayat-Bikaner.
कपिल सरोवर में मछलियों के बाद अब बड़ी संख्या में कछुओं की मौत का मामला सामने आया है। शनिवार को सरोवर में कई मृत मछलियां तैरती दिखाई दीं, वहीं करीब छह कछुओं के मृत मिलने से स्थानीय लोगों में चिंता और आक्रोश बढ़ गया।
लगातार हो रही जलीय जीवों की मौत ने सरोवर की सफाई और पानी की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार श्रद्धालुओं द्वारा सरोवर में बड़ी मात्रा में मछलियों को आटा डाला जाता है। आशंका जताई जा रही है कि पानी में लगातार आटा डालने से जैविक प्रदूषण बढ़ रहा है और इसका असर जलीय जीवों पर पड़ रहा है।
हालांकि, मछलियों और कछुओं की मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। इसकी पुष्टि पानी और अन्य नमूनों की वैज्ञानिक जांच के बाद ही हो सकेगी।
अपील : आटा नहीं डाले
मामले की गंभीरता को देखते हुए कपिल मुनि मंदिर के पुजारी ने श्रद्धालुओं से सरोवर में मछलियों को आटा नहीं डालने की अपील की है। उन्होंने लोगों से जलीय जीवों के संरक्षण और सरोवर की स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए आटा डालने से बचने का आग्रह किया।
प्रशासन से मांग- पानी की जांच करो :
कपिल सरोवर में लगातार मछलियों और कछुओं की मौत के बाद अब स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सरोवर के पानी की तत्काल जांच करवाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि मौतों के वास्तविक कारण का पता लगाकर समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि अन्य जलीय जीवों को बचाया जा सके।