{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Gokul Prasad Purohit की 40वीं पुण्यतिथि पर गोकुल सर्किल में आयोजित होगी श्रद्धांजलि सभा

 

RNE Bikaner. 

बीकानेर के पूर्व विधायक, स्वतंत्रता सेनानी एवं मजदूर हितों के लिए आजीवन संघर्ष करने वाले जननेता स्वर्गीय गोकुल प्रसाद पुरोहित की 40वीं पुण्यतिथि पर शनिवार, 6 जून को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा।

गोकुल प्रसाद स्मारक समिति के अजय गोपाल पुरोहित ने बताया कि श्रद्धांजलि सभा का आयोजन सुबह गोकुल सर्किल पर किया जाएगा, जहां शहर के गणमान्य नागरिक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि एवं आमजन स्वर्गीय पुरोहित को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।

उन्होंने बताया कि गोकुल प्रसाद पुरोहित ने स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने के साथ-साथ विधायक रहते हुए जनहित और मजदूरों के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष किया। उनके सामाजिक और राजनीतिक योगदान को स्मरण करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाता है।

स्मारक समिति की ओर से बीकानेर के नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर जननेता गोकुल प्रसाद पुरोहित को श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की गई है।

गौरतलब है कि गोकुल प्रसाद पुरोहित का नाम बीकानेर की राजनीति और सामाजिक सरोकारों के इतिहास में सम्मान के साथ लिया जाता है। मजदूर वर्ग और आमजन की आवाज़ बुलंद करने वाले नेता के रूप में उनकी पहचान आज भी कायम है।