ACB ने बीकानेर में नाकाबंदी कर बस रोकी, बस में 85 लाख, बीज निदेशक के घर 45 लाख मिले
Jun 7, 2026, 19:00 IST
ACB के छापे में 1.30 करोड़ नकद बरामद
पकड़े गए युवक ने बताया- बीज निगम के नामित निदेशक के ठिकाने पर पहुंचानी थी रकम
बीकानेर और श्रीगंगानगर तक मचा हड़कंप
RNE Bikaner.
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने रविवार को प्रदेश में अवैध धन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बीकानेर-श्रीगंगानगर मार्ग पर एक निजी बस से 85 लाख रुपए नकद बरामद किए। पूछताछ में सामने आया कि यह रकम राजस्थान राज्य बीज निगम के नामित निदेशक जुगल किशोर बिश्नोई के श्रीगंगानगर स्थित ठिकाने पर पहुंचाई जानी थी। इसके बाद ACB की दूसरी टीम ने बीकानेर में बिश्नोई के आवास पर दबिश देकर वहां से 45 लाख रुपए और बरामद किए। इस तरह कार्रवाई में कुल 1 करोड़ 30 लाख रुपए नकद जब्त किए गए हैं।
ACB के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष कुमार ने बताया कि ब्यूरो को गुप्त सूचना मिली थी कि बड़ी मात्रा में नकदी बीकानेर से श्रीगंगानगर भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर लूणकरणसर थाना क्षेत्र में पुलिस की सहायता से नाकाबंदी की गई। बीकानेर से श्रीगंगानगर जा रही एक निजी बस को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें सवार स्वतंत्र ज्याणी के पास रखे थैलों और गत्ते के डिब्बों से 85 लाख रुपए नकद बरामद हुए।
प्रारंभिक पूछताछ में युवक ने दावा किया कि वह यह रकम श्रीगंगानगर में जुगल किशोर बिश्नोई के एक ठिकाने तक पहुंचाने जा रहा था। इसके बाद ACB की एक अन्य टीम ने तत्काल जयपुर रोड स्थित बिश्नोई के आवास पर छापा मारा, जहां तलाशी के दौरान 45 लाख रुपए नकद और मिले।
ACB ने स्वतंत्र ज्याणी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं बरामद नकदी के स्रोत, उसके उपयोग और संभावित बेनामी संपत्ति से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।