{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Bikaner के PBM में स्थित SSB में ड्यूटी के दौरान हादसा, ट्रोमा सेंटर में भर्ती, कर्मचारियों में भारी रोष

 
RNE Bikaner.
बीकानेर के पीबीएम हॉस्पिटल परिसर स्थित सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक (SSB) में दर्दनाक हादसा हो गया। यहां ड्यूटी पर कार्यरत संविदा कर्मचारी का हाथ ऑटोक्लेव मशीन में आने से उसकी दो अंगुलियां कट गईं। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई तथा संविदाकर्मियों में भारी रोष व्याप्त हो गया।

जानकारी के अनुसार ठेका कर्मचारी रवि मेघवाल SSB में ऑन ड्यूटी ऑटोक्लेव मशीन संचालित कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका हाथ मशीन में आ गया, जिससे उसकी दो अंगुलियां गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त होकर कट गईं। साथी कर्मचारियों ने तुरंत उसे पीबीएम ट्रोमा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने भर्ती कर उपचार शुरू किया।

घटना के बाद कर्मचारियों ने अस्पताल प्रशासन और ठेका कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। कर्मचारियों का कहना है कि अस्पताल में मशीनों पर काम करने वाले सभी संविदाकर्मियों का बीमा होना चाहिए ताकि हादसे की स्थिति में उन्हें आर्थिक और चिकित्सीय सुरक्षा मिल सके।
आक्रोशित कर्मचारियों ने यह नाराजगी भी जताई कि हादसे के कई समय बाद तक न तो ठेका कंपनी का कोई बड़ा अधिकारी और न ही हॉस्पिटल प्रशासन का कोई वरिष्ठ जिम्मेदार अधिकारी घायल कर्मचारी की सुध लेने पहुंचा। इसे लेकर कर्मचारियों में गहरा असंतोष देखा गया।
बताया जा रहा है कि घायल कर्मचारी सरकार से जुड़ी फर्म पन्नाधाय सिक्योरिटी सर्विसेज, उदयपुर के माध्यम से कार्यरत था। कर्मचारियों ने ठेका फर्म से नियमानुसार उचित कार्रवाई, मुआवजा, बीमा सुविधा और घायल कर्मचारी के समुचित उपचार की मांग की है।