केंद्र की मंजूरी के बाद जर्जर भवनों के पुनर्निर्माण का रास्ता साफ, प्रदेशभर में सुरक्षित शिक्षा पर फोकस
RNE Jaipur.
राजस्थान में जर्जर और खस्ताहाल स्कूल भवनों में पढ़ रहे लाखों बच्चों के लिए राहत भरी खबर है। केंद्र सरकार ने प्रदेश के ऐसे विद्यालयों के पुनर्निर्माण के लिए 300 करोड़ रुपये की स्वीकृति दे दी है। इससे लंबे समय से खतरे के साए में चल रही पढ़ाई अब सुरक्षित माहौल में हो सकेगी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस निर्णय पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता बच्चों को सुरक्षित और आधुनिक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि मजबूत आधारभूत ढांचे के बिना गुणवत्तापूर्ण शिक्षा संभव नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के इस सहयोग से प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आएगा। जर्जर भवनों के स्थान पर नए और सुरक्षित स्कूल बनने से विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और अभिभावकों की चिंता भी कम होगी।
प्रदेश के कई हिस्सों में वर्षों पुराने और क्षतिग्रस्त स्कूल भवन हादसों का कारण बनते रहे हैं। ऐसे में इस वित्तीय सहायता को शिक्षा व्यवस्था के लिए अहम कदम माना जा रहा है। सरकार का दावा है कि इस योजना से न सिर्फ सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि पढ़ाई का माहौल भी बेहतर बनेगा।