{"vars":{"id": "127470:4976"}}

अमित शाह आ रहे हैं, 03 दिन बीकानेर में कोई ड्रोन, बैलून नहीं उड़ेगा!

 
24 मई को रात्रि 12 से 27 मई को रात्रि 12 बजे तक बीकानेर नो फ्लाई जोन, ड्रोन, यूएवी और हॉट बैलून उड़ाने पर प्रतिबंध
RNE Bikaner.
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित बीकानेर दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने पूरे जिले को तीन दिनों के लिए नो फ्लाई जोन घोषित कर दिया है। 
जिला मजिस्ट्रेट निशांत जैन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा जारी करते हुए बिना सक्षम अनुमति किसी भी प्रकार के यूएवी, ड्रोन कैमरा, हॉट बैलून सहित अन्य उड़ने वाले उपकरणों के संचालन पर प्रतिबंध लगाया है।
जारी आदेश के अनुसार यह प्रतिबंध 24 मई की रात्रि 12 बजे से 27 मई की रात्रि 12 बजे तक बीकानेर जिले के संपूर्ण नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावी रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केंद्र सरकार के सैन्य एवं अर्धसैनिक बलों तथा राज्य पुलिस की सामरिक गतिविधियों पर यह आदेश लागू नहीं होगा।
प्रशासन ने नागरिकों से आदेश की पालना करने की अपील की है। आदेश की अवहेलना करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 सहित अन्य सुसंगत कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
अमित शाह की प्रस्तावित यात्रा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पहले से ही सुरक्षा तैयारियों में जुटे हुए हैं। नो फ्लाई जोन घोषित किए जाने को सुरक्षा व्यवस्था का अहम हिस्सा माना जा रहा है।