{"vars":{"id": "127470:4976"}}

अमित शाह बीकानेर की सीमा चौकी सांचू में जवानों से संवाद करेंगे, सीमा सुरक्षा पर होगी अहम बैठक

 

RNE Bikaner.

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तथा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ 25 और 26 मई को बीकानेर दौरे पर रहेंगे। दौरे के दौरान भारत-पाक सीमा सुरक्षा, बीएसएफ जवानों से संवाद और सीमा क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों पर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित होगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 25 मई की रात 10:20 बजे बीकानेर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा उनकी अगवानी करेंगे। इसके बाद शाह बीएसएफ सेक्टर मुख्यालय जाएंगे, जहां उनका रात्रि विश्राम रहेगा। मुख्यमंत्री कृषि विश्वविद्यालय स्थित गेस्ट हाउस में ठहरेंगे।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश महामंत्री मिथलेश गौतम और भूपेंद्र सैनी भी 25 मई को दोपहर 2:45 बजे रेलमार्ग से बीकानेर पहुंचेंगे तथा स्वागत कार्यक्रम में शामिल रहेंगे।

26 मई को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सुबह कृषि विश्वविद्यालय हेलीपेड से सीमा चौकी सांचू रवाना होंगे। इसके बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बीएसएफ हेलीकॉप्टर से सांचू पहुंचेंगे। यहां दोनों नेता वृक्षारोपण कार्यक्रम, सैनिक सम्मेलन और जवानों के साथ संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे।

सुबह 11:10 बजे से 11:40 बजे तक बीएसएफ की 179वीं वाहिनी, सीमा चौकी सांचू में आयोजित कार्यक्रम में दोनों नेता जवानों से संवाद करेंगे। इसके बाद वे बीएसएफ सेक्टर मुख्यालय, बीकानेर पहुंचेंगे।

सेक्टर मुख्यालय में दोपहर 12:40 बजे महिला बैरकों के ई-उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसके पश्चात दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक राजस्थान की भारत-पाक सीमा से जुड़े विषयों पर महत्वपूर्ण बैठक होगी, जिसमें सुरक्षा व्यवस्थाओं और सीमा क्षेत्रों के विकास पर चर्चा की जाएगी।

भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का यह दौरा सीमा सुरक्षा और जवानों के मनोबल की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जवानों से संवाद और सीमा संबंधी समीक्षा बैठक से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शाम 6:25 बजे बीकानेर एयरपोर्ट से दिल्ली रवाना होंगे, जबकि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जयपुर लौटेंगे। जिला मीडिया संयोजक मनीष सोनी ने कार्यक्रम की जानकारी दी।