{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Bikaner में ATM कैश वैन लूट का खुलासा: बंदूक की नोक पर लूटे थे 51 लाख… पांचू पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा, 46 लाख बरामद

 

 

Rudra News Express Bikaner.

 

बीकानेर जिले के पांचू थाना क्षेत्र में 5 अगस्त को हुई ATM कैश वैन लूट के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर 46 लाख रुपये बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों से वारदात को लेकर गहन पूछताछ और अनुसंधान जारी है।

बंदूक की नोक पर कैश वैन से लूटे थे 51 लाख :

पुलिस के अनुसार 5 अगस्त 2026 को CMS Info System Limited की टीम नकदी लेकर सारुण्डा की ओर जा रही थी। दोपहर करीब 3 बजे सारुण्डा से लगभग 5–7 किलोमीटर पहले सारुण्डा रोड पर पीछे से बिना नंबर प्लेट की एक कैंपर गाड़ी आई।

 

कैंपर से 2–3 अज्ञात व्यक्ति नीचे उतरे। इनमें से एक आरोपी ने कैश वैन के चालक के सिर पर बंदूक तान दी और कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी। हथियार के बल पर आरोपियों ने वाहन में रखे कैश बॉक्स समेत 51 लाख रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा :

मामले में पांचू थाना पुलिस ने प्रकरण संख्या 225/2026 के तहत धारा 309(4), 3(5) BNS में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए श्यामसुंदर (20) निवासी स्वरूपसर और विक्रम सिंह (23) निवासी चरकड़ा, हाल बाबा छोटूनाथ कॉलोनी नोखा को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय से 7 दिन का पुलिस कस्टडी रिमांड मिला।

दावा की रोही से मिले 46 लाख :

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों की निशानदेही पर गांव दावा की रोही से लूटे गए 46 लाख रुपये बरामद किए गए। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर वारदात में शामिल अन्य लोगों और लूट की पूरी साजिश के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

पुलिस टीम की भूमिका :

कार्रवाई पुलिस थाना पांचू की टीम ने की। टीम में थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद, पप्पूलाल सहायक उप निरीक्षक, संतोषनाथ सहायक उप निरीक्षक, राणाराम हेड कांस्टेबल, धन्नाराम कांस्टेबल और सुनील कुमार कांस्टेबल शामिल रहे।

इन पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई :

कार्रवाई महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश IPS, जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा IPS और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारीलाल मीणा RPS के निर्देशन में तथा नोखा वृत्त के पुलिस उप अधीक्षक जरनैल सिंह के सुपरविजन में की गई।