{"vars":{"id": "127470:4976"}}

भोपाल में आत्माराम भाटी होंगे सम्मानित, खेल पत्रकारिता में चार दशक का योगदान

 

RNE Bikaner.

शांति-गया स्मृति साहित्य, कला एवं खेल संवर्द्धन समिति भोपाल ने 1अक्टूबर 2025 को भोपाल में होने वाले अपने पाँचवें शांति-गया स्मृति सम्मान हेतु साहित्य, कला और खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले रचनाकारों के नामों की घोषणा की है।

संयोजक अरुण अर्णव खरे ने बताया कि इस बार के सम्मान में साहित्य और कला के साथ खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पुरस्कार चयन कमेटी ने अंतराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सुबोध खांडेकर के साथ चार दशक से खेल लेखन कर रहे बीकानेर के राष्ट्रीय स्तर के स्वंतत्र खेल पत्रकार व खेल समीक्षक आत्माराम भाटी का भी सम्मान के लिए चयन किया है। इससे पहले खेल में अभी तक बहुत बडें नाम वालों को ये सम्मान मिला है जिनमें तीन ओलिंपियन व एक विश्व उपविजेता रहा है। खेल पत्रकारिता में हरेंद्र नागेश साहू, बिजी जोशी व प्रभात गोस्वामी व दामोदर आर्य (कमेंट्रेटर्स) शामिल हैं। 
सचिव खरे के अनुसार यह सम्मान केवल एक पुरस्कार नहीं है, बल्कि यह उन प्रतिभाओं के मनोबल को बढ़ाने और उनकी उपलब्धियों को समाज के सामने लाने का एक प्रयास है। इस वर्ष बड़ी संख्या में प्राप्त प्रविष्टियों ने यह साबित कर दिया है कि इन तीनों क्षेत्रों में आज भी नई ऊर्जा और रचनात्मकता भरी हुई है। गहन मूल्यांकन के बाद, समिति ने चयनित नामों की घोषणा की है।
इस बार यह पुरस्कार दिए जाएंगे उनके नाम इस प्रकार हैं- शांति-गया स्मृति शिखर सम्मान: प्रख्यात साहित्यकार डॉ. अखिलेश पलारिया (राजस्थान) को दिया जाएगा। खेल में उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए खेल सम्मान खेल समीक्षक आत्माराम भाटी व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सुबोध खांडेकर को प्रदान किया जाएगा। साहित्य में नैली राजेश सिंह स्मृति कहानी सम्मानः सुषमा मुनींद्र को व विशेष सम्मान अजय सिंह राणा को। नैली राजेश सिंह स्मृति कविता सम्मानः आशीष दशोत्तर (रतलाम) को । अनूप श्रीवास्तव स्मृति व्यंग्य सम्मानः प्रभाशंकर उपाध्याय व अजय अनुरागी के साथ विशेष सम्मान सुनील सक्सेना को प्रदान किया जाएगा। कला के क्षेत्र में फोटोग्राफी में दिनेश मवार और देवी आर्ट्स में दुर्गा उन्हाले को दिया जाएगा।