आयुष मित्र-आयुष सखी प्रशिक्षण के साथ 18 स्वास्थ्य सूचकांकों पर विशेष जोर
RNE Bikaner
बीकानेर आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं राजकीय आयुर्वेद औषधालय, हदां के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, हदां में शुक्रवार को “स्वास्थ्य भविष्य के लिए आयुर्वेद” थीम के अंतर्गत चिकित्सा शिविर एवं व्यापक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. दुर्गा प्रसाद मौर्य के निर्देशन में आयोजित हुए इस कार्यक्रम में आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना के सभी 18 स्वास्थ्य सूचकांकों पर विशेष जोर देते हुए विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को स्वस्थ, स्वच्छ और निरोगी जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रकृति परीक्षण, महिलाओं एवं किशोरियों में रक्ताल्पता की जांच एवं उपचार तथा उच्च रक्तचाप और मधुमेह की स्क्रीनिंग के महत्व पर जानकारी दी गई। साथ ही, तंबाकू मुक्त, नशामुक्त एवं टीबी मुक्त ग्राम की परिकल्पना को साकार करने के लिए जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। ग्रामीणों को औषधीय पौधों के उपयोग एवं महत्व, व्यक्तिगत और सामुदायिक स्वच्छता, मौसमी बीमारियों से बचाव, ऋतुचर्या, सामान्य बीमारियों में घरेलू उपचार तथा निवारक स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।
आयुष मित्र एवं आयुष सखी प्रशिक्षण रहा प्रमुख आकर्षण
डॉ मोर्य ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने और जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित आयुष मित्र एवं आयुष सखी प्रशिक्षण कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा। प्रशिक्षण के माध्यम से ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता विकसित करने तथा समुदाय को निवारक स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने पर बल दिया गया।
शिविर में विद्यालय की किशोरियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। उन्हें स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों, व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व से अवगत कराया गया। विद्यार्थियों को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. दुर्गा प्रसाद मौर्य के मार्गदर्शन में किया गया। इसमें नर्स किरण रैगर, विद्यालय के प्रधानाचार्य जेठाराम, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं तथा ग्रामीणजनों ने सहभागिता निभाई।