{"vars":{"id": "127470:4976"}}

बीकानेर में बजरंग दल की बैठक संपन्न, 30-31 मई को होगा जिला शौर्य प्रशिक्षण वर्ग

 

RNE Bikaner.

कल दिनांक 22 मई,  2026 को रामद्वारा सुनारों की बड़ी गुवाड में बजरंग दल की बैठक संपन्न हुई।      

उपरोक्त बैठक में बीकानेर महानगर के हिंदू युवकों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के विभाग मंत्री विनोद सैन ने बैठक को संबोधित करते हुए बताया कि दिनाँक:-30 एवं 31 मई 2026 को दो दिवसीय जिला शौर्य प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन जय नारायण व्यास कॉलोनी स्थित आदर्श विद्या मंदिर में किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण वर्ग में बड़ी संख्या में युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों द्वारा व्यापक जनसंपर्क किया जा रहा है।

इस अवसर पर  श्री सैन ने  कहा कि वर्तमान समय में युवा वर्ग तेजी से नशे एवं पाश्चात्य संस्कृति की ओर आकर्षित हो रहा है, जिससे समाज एवं राष्ट्र दोनों को नुकसान पहुंच रहा है। ऐसे समय में युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, संस्कार एवं धर्म के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि बजरंग दल द्वारा आयोजित यह शौर्य प्रशिक्षण वर्ग युवाओं को शारीरिक, मानसिक एवं वैचारिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य करेगा। साथ ही उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं से इस वर्ग में भाग लेने का आह्वान किया।
       

बजरंग दल महानगर संयोजक बजरंग तंवर ने बताया कि आज समाज में धर्म, संस्कृति एवं नैतिक मूल्यों पर निरंतर आघात हो रहे हैं। ऐसे समय में युवाओं को संगठित कर उन्हें अपनी संस्कृति, परंपराओं एवं राष्ट्र के प्रति जागरूक करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण वर्ग केवल शारीरिक प्रशिक्षण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि युवाओं में सेवा, सुरक्षा एवं संस्कार की भावना भी विकसित करेगा।

उन्होंने बताया कि वर्ग में दंड, संचलन, बाधा,  योग, आत्मरक्षा, शारीरिक व्यायाम, अनुशासन एवं संगठनात्मक गतिविधियों का अभ्यास कराया जाएगा। साथ ही युवाओं को राष्ट्र एवं समाज के प्रति अपने दायित्वों का बोध भी कराया जाएगा।
       

उपरोक्त बैठक में महानगर मंत्री राजेंद्र सोनी, महानगर सह मंत्री आनंद गुप्ता, हरिकिशन जी, ईश्वर जी,  बजरंग दल के योगेश सोनी, प्रखंड संयोजक ऋषि पारीक, मोतीराम शर्मा, तुषार सोनी, अनमोल शर्मा, संदीप गहलोत, धनराज मारू, करण सोलंकी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
                   

महानगर मंत्री राजेंद्र सोनी ने बीकानेर महानगर एवं जिले के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में इस शौर्य प्रशिक्षण वर्ग से जुड़कर राष्ट्र, धर्म एवं समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। बैठक का समापन बजरंग दल संयोजक बजरंग तंवर द्वारा शांति पाठ बोलकर किया गया।