{"vars":{"id": "127470:4976"}}

बीकानेर कांग्रेस में जीत के बाद बड़ी फजीहत : निकिता-सरिता आमने-सामने, भाजपा ने पर्चा वापस लिया!

Bikaner Zila Pramukh Election : रामेश्वर डूडी की पुत्रवधू निकिता कांग्रेस प्रत्याशी, गोविंदराम मेघवाल की बेटी सरिता भी मैदान में उतरी, दोनों के बीच मुकाबला!

 

Rudra News Express Bikaner.

बीकानेर के पंचायती राज चुनाव में जीत का परचम फहराने के बाद कांग्रेस उसकी खुशी मनाने की बजाय फजीहत में उलझ गई है। जिला परिषद की 41 में से 30 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल करने वाली कांग्रेस में प्रमुख पद को लेकर ऐसी स्थिति बन गई कि पार्टी की अधिकृत प्रत्याशी के सामने उसी की पार्टी की वरिष्ठ नेता की बेटी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में डट गई।

बुधवार को नामांकन वापसी के अंतिम दौर में भाजपा के दोनों प्रत्याशियों ने अपने नाम वापस ले लिए। भाजपा की ओर से धापू कंवर ने पार्टी सिंबल पर और संतोष ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया था। दोनों के हटने के बाद अब मुकाबला कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी निकिता डूडी और निर्दलीय प्रत्याशी सरिता चौहान के बीच रह गया है।

निकिता बनाम सरिता : दो राजनीतिक परिवारों की प्रतिष्ठा दांव पर

प्रमुख का चुनाव अब दो राजनीतिक परिवारों के बीच वर्चस्व की लड़ाई बन गया है। एक तरफ पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी और नोखा विधायक सुशीला डूडी के परिवार की बहू निकिता डूडी हैं जिसे कांग्रेस ने प्रत्याशी घोषित किया है। उनके समर्थन में डूडी परिवार के साथ कांग्रेस का  बड़ा तबका सक्रिय है।

दूसरी ओर पूर्व मंत्री और पूर्व लोकसभा प्रत्याशी गोविंदराम मेघवाल की बेटी सरिता चौहान हैं। सरिता पहले प्रधान रह चुकी हैं और दूसरी बार जिला परिषद सदस्य निर्वाचित हुई हैं। उन्होंने कांग्रेस के अधिकृत फैसले के बावजूद चुनाव मैदान में बने रहने का निर्णय लिया।

सरिता ने अपने फैसले को व्यक्तिगत राजनीतिक लड़ाई बताते हुए कहा कि इसमें उनके पिता और भाई उनके साथ नहीं हैं। उन्होंने नाम वापस नहीं लेने का ऐलान किया था और अब निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रही हैं।

इससे पहले भी जिला प्रमुख पद को लेकर दोनों परिवारों के बीच राजनीतिक खींचतान सामने आती रही है। पिछली बार सरिता दावेदार थीं, लेकिन रामेश्वर डूडी की पसंद के मोडाराम मेघवाल जिला प्रमुख बने थे। इस बार फिर दोनों परिवारों की पसंद अलग-अलग है।

इंदौरा की समझाइश, नेताओं का हस्तक्षेप नहीं आया काम : 

कांग्रेस में विवाद को सुलझाने के लिए पार्टी हाईकमान ने पर्यवेक्षक कुलदीप इंदौरा को जिम्मेदारी दी। इंदौरा ने बीकानेर पहुंचकर सुशीला डूडी और गोविंदराम मेघवाल से अलग-अलग मुलाकात की। बंद कमरों में बातचीत हुई और दोनों पक्षों को समझाने के प्रयास किए गए।

मामला प्रदेश नेतृत्व तक भी पहुंचा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए थे। डोटासरा लगातार पर्यवेक्षक और स्थानीय नेताओं के संपर्क में रहे।

दो दिन की कोशिशों के बाद भी सहमति नहीं बन सकी। आखिरकार कांग्रेस ने निकिता डूडी को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर दिया। इसके बावजूद सरिता चौहान ने नाम वापस नहीं लिया। अब पार्टी नेतृत्व के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने ही निर्वाचित सदस्यों को एकजुट रखने की है।

भाजपा सदस्यों की वोटिंग पर नजर : 

भाजपा के दोनों प्रत्याशियों के नाम वापस लेने के बाद मुकाबला कांग्रेस के दो खेमों के बीच रह गया है। चर्चा यह है कि भाजपा के जिला परिषद सदस्य किस तरफ जाएंगे। निकिता डूडी के सामने चुनौती केवल अपनी पार्टी के घोषित समर्थन को वोटों में बदलने की है। सरिता चौहान को निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में समर्थन जुटाना होगा।

मैना देवी प्रकरण ने बढ़ाई कांग्रेस की मुश्किलें : 

जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर चल रही खींचतान के बीच जिला परिषद सदस्य मैना देवी से जुड़ा विवाद कांग्रेस के लिए एक और चुनौती बन गया। वार्ड संख्या 9 से निर्वाचित मैना देवी के पति नेमाराम और परिजनों ने आरोप लगाया कि मतगणना के दौरान उनके साथ मारपीट और धक्का-मुक्की की गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि मैना देवी को उनकी इच्छा के विरुद्ध अपने साथ ले जाया गया।

इस मामले को लेकर कोलायत क्षेत्र के मेघवाल समाज के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और कलेक्ट्रेट तथा पुलिस अधिकारियों के समक्ष अपनी शिकायत रखी। मैना देवी के पति की शिकायत पर नोखा विधायक सुशीला डूडी, देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग और कांग्रेस नेता भंवर कूकणा सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज होने की खबरें सामने आईं। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच और पुलिस की कार्रवाई के निष्कर्ष सामने आना बाकी है।

इस घटनाक्रम ने जिला प्रमुख चुनाव से पहले कांग्रेस के भीतर चल रही खींचतान को और सार्वजनिक कर दिया। पार्टी के निर्वाचित सदस्य से जुड़े विवाद में परिजनों का विरोध और पुलिस तक पहुंचा मामला अब चुनावी चर्चा का हिस्सा बन गया है।

बीकानेर, कांग्रेस और फजीहत : 

  • बीकानेर कांग्रेस के लिए यह पहला मौका नहीं है जब चुनावी जीत या टिकट वितरण के बाद पार्टी का अंदरूनी विवाद सार्वजनिक हुआ हो।
  • नगर निगम चुनाव के दौरान तत्कालीन शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल के साथ मारपीट और कपड़े फाड़ने का मामला सामने आया था। आरोप पार्टी के ही कार्यकर्ताओं पर लगे थे। विवाद इतना बढ़ा कि कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को अपने ही शहर अध्यक्ष के समर्थन में प्रदर्शन करना पड़ा।
  • इसके बाद महापौर चुनाव में बड़ी जीत के बावजूद डिप्टी मेयर पद पर कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। इस प्रकरण में पार्टी के भीतर नाराजगी सामने आई और मामला प्रदेश नेतृत्व तक पहुंचा। पार्टी स्तर पर जांच और कार्रवाई की मांग भी उठी।
  • अब जिला परिषद चुनाव में निकिता डूडी और सरिता चौहान के बीच मुकाबला तथा मैना देवी प्रकरण ने एक बार फिर कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति को सार्वजनिक चर्चा में ला दिया है।

शहर से गांव तक जीत, फिर भी फजीहत : 

  • बीकानेर जिले में कांग्रेस ने हालिया चुनावों में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है।
  • बीकानेर नगर निगम के 80 वार्डों में कांग्रेस ने 42 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया। इसके बाद जिला परिषद की 41 सीटों में से 30 सीटें कांग्रेस के खाते में आईं, जबकि भाजपा को केवल 8 सीटें मिलीं।
  • जिले की 15 पंचायत समितियों के 263 सदस्यों में कांग्रेस ने 155 और भाजपा ने 65 सीटें हासिल कीं।

इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि स्थानीय निकाय और पंचायती राज चुनावों में कांग्रेस को व्यापक जनसमर्थन मिला है। लेकिन इस जनादेश को संगठनात्मक एकजुटता में बदलना अब पार्टी नेतृत्व के सामने बड़ी चुनौती है।