Bikaner : श्री ब्राह्मण स्वर्णकार स्वर्ण सुगंधा महिला समिति का सांस्कृतिक आयोजन, लघु नाटिका ने दिया स्वावलंबन का संदेश
Rudra News Express Bikaner.
सावन की फुहारों और त्योहारों की उमंग के बीच बीकानेर में महिलाओं की प्रतिभा, आत्मविश्वास और स्वावलंबन का अनूठा संगम देखने को मिला। श्री ब्राह्मण स्वर्णकार स्वर्ण सुगंधा महिला समिति की ओर से नरेंद्र सिंह ऑडिटोरियम में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में महिलाओं ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का सबसे खास आकर्षण रही लघु नाटिका ‘उड़ान’। मंच पर कहानी सिर्फ अभिनय की नहीं थी, बल्कि उन महिलाओं की थी जो अपने सपनों को पंख देकर आत्मनिर्भर बनने की राह चुनती हैं। नाटिका के जरिए महिला स्वावलंबन, आत्मविश्वास और स्वास्थ्य जागरूकता का प्रभावी संदेश दिया गया।
‘उड़ान’ में विमला सोनी, कंचन सोनी, किरण सोनी, नीतू सोनी, प्रियंका सोनी, रूपा सोनी और सरोज सोनी ने अभिनय किया। कलाकारों की प्रस्तुति को उपस्थित लोगों ने सराहा।
सम्मान से बढ़ा महिलाओं का हौसला :
कार्यक्रम में समाज की प्रेरणादायी महिलाओं को सम्मानित भी किया गया। ब्राह्मण स्वर्णकार समाज की वरिष्ठ महिला चंद्रकला सोनी, स्वतंत्रता सेनानी स्व. चिरंजी लाल जी देशभक्त की पुत्रवधू एवं सेवानिवृत्त वरिष्ठ अध्यापिका उर्मिला सोनी तथा डॉ. मनस्विनी सोनी का सम्मान किया गया।
समिति की संस्थापक मनीषा आर्य सोनी ने कहा कि समाज की प्रतिभाशाली और प्रेरणादायी महिलाओं को सम्मानित करना समिति की सतत परंपरा है। उनका उद्देश्य महिलाओं को मंच देना और उन्हें आत्मनिर्भरता एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।
21 से 23 अगस्त तक सजेगी ‘सावन सरगम’ :
कार्यक्रम का आयोजन आगामी ‘सावन सरगम’ लघु उद्योग प्रदर्शनी के प्रचार-प्रसार और स्टॉल होल्डर्स का उत्साह बढ़ाने के लिए किया गया। यह प्रदर्शनी 21, 22 और 23 अगस्त को श्री ब्राह्मण स्वर्णकार तीन गवाड़ पंचायत भवन ट्रस्ट, पुरानी जेल रोड, बीकानेर में आयोजित होगी।