{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Bikaner Accident : आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें, चार युवक घायल, दो की हालत गंभीर

 
RNE Bikaner-ShriDungargarh
बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार को तेज रफ्तार का खौफनाक मंजर देखने को मिला, जब बीदासर रोड पर दो बाइकें आमने-सामने टकरा गईं। हादसे में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें दो की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। सबसे चिंताजनक बात यह रही कि चारों युवकों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था, जिससे सिर में गंभीर चोटें आईं।

पुलिस के अनुसार हादसा बाना और ऊपनी गांव के बीच हुआ। एक बाइक पर सवार हनुमान (25) और राजूराम ऊपनी गांव से अपने गांव बाना लौट रहे थे, जबकि दूसरी बाइक पर राकेश और नरेंद्र मेघवाल ऊपनी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही दोनों बाइकें आमने-सामने भिड़ गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।
घटना की सूचना मिलते ही डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम वेलफेयर सोसायटी के सेवादार मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए घायलों को श्रीडूंगरगढ़ उपजिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में मेडिकल स्टाफ ने इमरजेंसी उपचार शुरू किया, लेकिन तीन युवकों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बीकानेर रेफर कर दिया गया।
श्रीडूंगरगढ़ थाने के एएसआई सुरेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार माना जा रहा है। चारों युवकों के सिर में चोट लगी है और हेलमेट नहीं पहनने के कारण चोटें ज्यादा गंभीर हुईं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।