{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Bikaner : अजीज आजाद स्मृति समारोह में बोले व्यक्त, उनकी शायरी में कौमी एकता का संदेश
 

 

Rudra News Express Bikaner. 

अजित फाउण्डेशन में दो दिवसीय अजीज आजाद स्मृति समारोह का शनिवार को पुस्तक एवं फोटो प्रदर्शनी के उद्घाटन के साथ आगाज हुआ। प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रो. भंवर भादानी, हरीश बी. शर्मा, डॉ. अजय जोशी, राजाराम स्वर्णकार और इरशाद अजीज ने किया।

इस मौके पर आयोजित काव्य पाठ में संजय आचार्य 'वरुण', आनंद छंगाणी, विप्लव व्यास, सागर सिद्दीकी, आनंद मस्ताना, मीनाक्षी स्वर्णकार और राजेन्द्र स्वर्णकार ने अजीज आजाद की चर्चित कविताओं और गजलों का पाठ किया। अजीज आजाद के पुत्र इरशाद अजीज ने पिता का प्रसिद्ध गीत 'मैं तुमको विश्वास दूं...' सुनाया।

विशिष्ट अतिथि शायर जाकिर अदीब ने कहा कि अजीज आजाद का जीवन देश में सांप्रदायिक सौहार्द कायम रखने के लिए समर्पित था। मुख्य अतिथि हरीश बी. शर्मा ने उन्हें कौमी एकता और भाषाई सद्भाव का सशक्त रचनाकार बताया।

अध्यक्षता करते हुए प्रो. भंवर भादानी ने कहा कि अजीज आजाद की रचनाएं कालजयी हैं। उनके अप्रकाशित साहित्य का प्रकाशन और रचनाओं की रिकॉर्डिंग होनी चाहिए।

संस्था समन्वयक संजय श्रीमाली ने आयोजन का उद्देश्य युवा पीढ़ी को शहर के सशक्त रचनाकारों के साहित्य से परिचित करवाना बताया। संचालन संजय आचार्य 'वरुण' ने किया।